पंचायत चुनाव की मतगणना आज, तैयारियां पूरी
बस्ती। त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के तहत शनिवार को पड़े मतों की गिनती सोमवार होगी। माना जा रहा कि दोपहर बाद तक सभी पदों के नतीजे आ जाएंगे। जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने बताया कि मतगणना ब्लॉक मुख्यालयों पर होगी। इसके लिए पूर्व में प्रशिक्षण प्राप्त कार्मिकों को लगाया गया है।
शनिवार को ग्राम प्रधान और ब्लॉक प्रमुख के तीन-तीन पदों समेत रिक्त ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए 62.85 प्रतिशत मतदान हुआ। रामनगर के बेलगड़ी, परशुरामपुर के रानीपुर और सदर ब्लॉक के बरसांव में प्रधान पद के लिए वोट डाले गए। परशुरामपुर के लक्ष्मनपुर, सांऊघाट के परसा सूरत व सल्टौआ गोपालपुर के बंजरिया व कुदरहा ब्लॉक की एक ग्राम पंचायत में क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए मतदान हुआ। वहीं, हर्रैया में ग्राम पंचायत सदस्य के 478, सदर में 459, सल्टौआ गोपालपुर में 350, कुदरहा में 263, बहादुरपुर में 409, दुबौलिया में 273, सांऊघाट में 379, रामनगर में 527, विक्रमजोत में 411, रूधौली में 282, कप्तानगंज में 218, बनकटी में 498, गौर में 611 व परशुरामपुर में 453 के लिए मतदान हुआ है। जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, परशुरामपुर विकास खंड में 62 प्रतिशत, गौर में 68, बस्ती सदर में 55, हर्रैया 56, कप्तानगंज में 71, दुबौलिया में 53, रामनगर में 59, रुधौली में 66, बहादुरपुर में 56, सल्टौवा गोपालपुर में 67, सांऊघाट में 61, बनकटी में 73 और कुदरहा विकास खंड में 70 प्रतिशत मतदान हुआ।
सोनहा प्रतिनिधि के अनुसार, ब्लॉक मुख्यालय सल्टौआ गोपालपुर में स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। एडीओ पंचायत सुरेंद्र कुमार राव ने बताया कि ब्लॉक के मीटिंग हाल में मतगणना की तैयारी पूरी कर ली गई है। दो टेबल पर गिनती सोमवार को सुबह आठ बजे शुरू हो जाएगी।