बस्ती। लखनऊ विधानसभा घेराव के लिए जा रहे कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बृहस्पतिवार जिला कांग्रेस कमेटी बस्ती की ओर से गांधी कला भवन में स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी ने किया।
धरने को संबोधित करते हुए विश्वनाथ चौधरी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता विभिन्न जनहित मुद्दों पर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाने जा रहे थे, मगर पुलिस की अचानक कार्रवाई से कई कार्यकर्ता घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रदेश सचिव अनिल भारती, संदीप श्रीवास्तव, साधू सरन आर्य जी तथा डॉ. वाहिद अली सिद्दीकी सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध और असहमति स्वाभाविक प्रक्रिया है। संविधान प्रत्येक नागरिक और राजनीतिक दल को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने का अधिकार देता है। ऐसे में सरकार को संवाद का रास्ता अपनाना चाहिए न कि बल प्रयोग का। यदि सरकार के पास ठोस व तथ्यात्मक जवाब है, तो सार्वजनिक रूप से प्रस्तुत करना चाहिए।
इस दौरान पूरण चौधरी, राजेश भारती, सोमनाथ निषाद, रामचन्द्र चौहान, अनन्द कुमार निषाद, विजय बहादुर, वृजभान कन्नौजिया, अमर बहादुर शुक्ला आदि मौजूद रहे।