सिलाई की दुकान से मशीन व मोबाइल चोरी
- पीछे का दरवाजा तोड़कर दुकान में घुसे चोर
संवाद न्यूज एजेंसी
कलवारी। थानाक्षेत्र के गाना मार्ग पर स्थित चमनगंज चौराहे पर टेलर की एक दुकान में पीछे का दरवाजा तोड़कर चोर रविवार की रात अंदर घुस गए। दुकान से तीन सिलाई मशीन व अन्य सामान चुरा ले गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आसपास जांच-पड़ताल शुरू की। घटनास्थल से करीब आठ सौ मीटर दूर स्थित डडियावा जंगल में छिपाकर रखा गया चोरी का सामान बरामद कर लिया गया। मगर चोरों का पता नहीं चल सका।
थानाध्यक्ष अरविंद शाही ने बताया कि चोरों का सुराग जुटाया जा रहा है। कलवारी के गाना निवासी जयकरन की चमनगंज चौराहे पर कपड़ा सिलाई की दुकान है। दुकानदार के मुताबिक रविवार की रात करीब आठ बजे वे दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह दुकान का शटर खोला तो दंग रह गए। दुकान की पिछली दीवाल में लगे लकड़ी के दरवाजे को तोड़कर अंदर घुसे चोर तीन सिलाई मशीन, दो कैंची, इलेक्ट्रिक प्रेस, एक मोबाइल, ग्राहकों के कपड़े चोरी कर ले गए। दुकानदार ने घटना की जानकारी डायल 112 पर दी। इसके साथ कलवारी थाने पर पहुंचे और तहरीर दी। आसपास पुलिस टीम ने सुराग लगाने के लिए खोजबीन शुरू की तो गांव के पूरब डडियावा जंगल में छिपाकर रखी सिलाई मशीन व अन्य सामानों के साथ पर्स में रखा सोने का लॉकेट भी बरामद कर लिया।