साऊंघाट ब्लॉक पर हाथापाई मामले में भाजपा पदाधिकारियों पर मुकदमा
- क्षेत्रीय उपाध्यक्ष व बूथ अध्यक्ष के खिलाफ एफआईआर
- गरीब कल्याण दिवस पर आयोजित मेले के दौरान भाजपाइयों में हुई थी मारपीट
- दोनों पक्ष की तहरीर पर लूट, मारपीट, दलित उत्पीड़न व अन्य धाराओं में हुई कार्यवाही
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। साऊंघाट ब्लॉक पर आयोजित गरीब कल्याण दिवस मेले के दौरान हुई मारपीट के मामले में पुरानी बस्ती पुलिस ने भाजपा नेताओं समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। 25 सितंबर को मेले में मसूर का बीज वितरण के दौरान जिला पंचायत सदस्य के प्रतिनिधि व भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विद्यामणि सिंह और भाजपा कार्यालय तेलियाडीह के प्रभारी व बूथ अध्यक्ष गिरिजेश कन्नौजिया के बीच विवाद हो गया था। जिसमें हाथापाई तक होने की बात सामने आ गई थी।
वाल्टरगंज थाने के तेलिहाडीह निवासी भाजपा नेता गिरिजेश कुमार का आरोप है कि इसी थाने के महसिन निवासी क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भाजपा विद्यामणि सिंह ने जातिसूचक व अपशब्दों का प्रयोग करते हुए उन्हें मारापीटा। पुलिस ने आईपीसी व एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, दूसरे पक्ष की तरफ से भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विद्यामणि सिंह का आरोप है कि साऊंघाट परिसर में चल रहे कार्यक्रम के दौरान बूथ अध्यक्ष तेलियाडीह गिरिजेश कुमार के साथ उनके गांव के सुभाष चौरसिया और दुदराक्ष निवासी ताड़केश्वर प्रजापति ने मारपीट की। धमकी देकर उनके जेब में रखा पांच हजार रुपये व जरूरी कागजात छीन लिया। पुलिस ने उनकी तहरीर पर भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।