महिला से रकम उड़ाने के मामले में केस दर्ज
बस्ती। नगर थानाक्षेत्र में शनिवार को महिला से हुई टप्पेबाजी के मामले में पुलिस ने लालरंग की स्कूटी वाले अज्ञात टप्पेबाज पर केस दर्ज कर उसके बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
एसबीआई की शाखा से रकम निकालकर लौट रही महिला के 24 हजार रुपये टप्पेबाजे ने उड़ा लिए थे। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि मामले में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नगर थाना क्षेत्र के फुलवरिया निषाद गांव निवासी सुग्रीम निषाद की पत्नी सुरेमा एसबीआई नगर बाजार से 25 हजार रुपये निकालकर पैदल ही लौट रही थीं।
बैंक से थोड़ी ही दूर पहुंचने पर लालरंग की स्कूटी से एक युवक पहुंचा। उन्हें रोककर उसने खुद को बैंक कर्मी बताते हुए कहा कि पासबुक में रकम गलत चढ़ गया है। शाखा प्रबंधक का हवाला देकर रुपये और पासबुक ले लिया। उसमें से एक हजार रुपये वापस कर उसने महिला को बैंक पर आने के लिए बोलकर लौटा और फरार हो गया। सुरेमा देवी बैंक पहुंचीं तो पता चला कि उनके साथ धोखाधड़ी हो गई है।