कोटेदार के बेटे से मारपीट में केस दर्ज
पैकोलिया (बस्ती)। थानाक्षेत्र के रेवटा हरिसरन शुक्ल गांव में राशन वितरण के दौरान हुए मारपीट के मामले में पुलिस ने कोटेदार की तहरीर पर आठ नामजद समेत चार अज्ञात पर घर में घुसकर मारने-पीटने, बलवा, छिनैती, एससीएसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। विवेचना पुलिस क्षेत्राधिकारी हर्रैया करेंगे।
पैकोलिया थानाक्षेत्र के रेवटा हरिसरन गांव निवासी कोटेदार रामलगन ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि शुक्रवार सुबह 7 बजे उनका बेटा राम आशीष लोगों को राशन वितरण कर रहा था। इस दौरान रेवटा खड़ग बहादुर शाही गांव निवासी अनिल कुमार शुक्ल दो क्विंटल गेहूं की मांग करने लगे। मना करने पर जातिसूचक गालियां देते हुए धमकी देकर चले गए। करीब 20 मिनट बाद वह अंकित शुक्ल, पंकज शुक्ल, दुर्गेश शुक्ल, विपिन शुक्ल, राजेश दुबे, सुनील मिश्र और अरुण कुमार दुबे के साथ लाठी-डंडा व हॉकी लेकर आए और बेटे को मारने पीटने लगे। वह घर में भागा तो घर में घुसकर उसकी मां भी मारापीटा। बीच-बचाव करने आए गांव के पवन कुमार तथा बहरैची को भी पीटा। पवन कुमार का इलाज लखनऊ में चल रहा है। इस दौरान ई-पास मशीन, बाइक तोड़ दी और सरकारी कागजात फाड़ दिए। दो हजार रुपये और आलमारी से जेवरात उठा ले गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी हर्रैया शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।