मारपीट के आठ मामलों में 23 पर केस दर्ज
बस्ती। अलग-अलग थानाक्षेत्रों में हुई मारपीट की आठ घटनाओं में पुलिस ने तहरीर के आधार पर बलवा समेत अन्य धाराओं में 23 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
रुधौली थाने के नगहरा निवासी मुकेश सोनी ने तहरीर दी कि पुरानी रंजिश में विपक्षी बब्लू चौधरी, शिवमूरत, निक्कू, अशोक कुमार व माधव निवासी बहादुरपुर थाना रुधौली ने सोमवार दोपहर डेढ़ बजे मारापीटा। इस घटना में दूसरे पक्ष के माधव प्रसाद ने विपक्षी सुमेर सोनी, मुकेश सोनी, दुर्गा प्रसाद व जवाहिर के खिलाफ अपशब्द कहते हुए मारपीट करने की तहरीर दी। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर बलवा सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की है।
इसी थानाक्षेत्र के मथुरापुर में सोमवार को विपक्षी की ओर से अपशब्द कहते हुए मारने-पीटने व जान से मारने की धमकी देने के संबंध में गेंदा देवी पत्नी रामबहादुर ने गांव के सनी देवल के खिलाफ तहरीर दी। उधर, छावनी थानाक्षेत्र के पैंतेपुर में सोमवार शाम महिला व उसके बच्चे को पति, सास, ससुर व जेठ की ओर से मारने-पीटने का मामला प्रकाश में आया। रंजना सिंह पत्नी राघवेंद्र सिंह ने तहरीर दी है। पुलिस ने राघवेंद्र सिंह, कृष्ण कुमार उर्फ गुड्डू, सास निर्मला देवी के विरुद्घ मुकदमा दर्ज किया है। छावनी थाने के रमवापुर में पेड़ के विवाद को लेकर अपशब्द कहने व घर में घुसकर मारपीट का पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। शिवकरन तिवारी निवासी रमवापुर ने तहरीर दी, जिसके आधार पर वादी के गांव के ही सरयू प्रसाद, राजवंत व दुर्गेश को नामजद किया गया है।
इसी थाने के कुआगांव में पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट व धमकी देने के मामले में द्वारिका प्रसाद की तहरीर पर जयप्रकाश, श्रवण, विवेक व विशाल के विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। जबकि कलवारी पुलिस ने गोविंदापुर निवासी मेहीलाल की तहरीर पर गांव की शांति देवी, अज्ञाराम, रणजीत व दीपू के विरुद्ध मारपीट, अपशब्द कहने व जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया है। मेहीलाल का आरोप है कि उसकी बेटी को रास्ते पर आते समय इन लोगों ने अपशब्द कहा और मारापीटा। बेटा प्रवीण बीच-बचाव करने गया तो उसे भी मारपीट कर घायल कर दिया गया। इसी प्रकार कप्तानगंज थानाक्षेत्र के भरू निवासी रेनू पत्नी राजवीर निषाद ने तहरीर दी है, जिसमें उसने पति राजवीर निषाद व सास जानकी देवी पर अपशब्द कहते हुए मारपीट का आरोप लगाया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।