मारपीट में चार पर मुकदमा
कलवारी (बस्ती )। पुलिस ने थानाक्षेत्र के बखड़ौरा गांव में कूड़ा फेंकने को लेकर हुए मारपीट में चार पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस को दी तहरीर में कलावती निवासिनी बखड़ौरा थाना कलवारी ने आरोप लगाया है किशुक्रवार को उसके दरवाजे पर गांव के ही चांदतारा, संजय, आरती व अनीसा ने कूड़ा फेंक दिया। जब मना किया गाली देते हुए मारपीट कर घायल कर दिया। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार शाही ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत जांच उपनिरीक्षक राम वशिष्ठ को दी गई है।
दहेज हत्या में पति समेत पांच पर मुकदमा
वाल्टरगंज ( बस्ती)। विवाहिता की मौत के मामले में मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति सास, ससुर और ननद व देवर के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मामला वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के सिकटा गांव का है। 30 मार्च को गांव के सत्येंद्र कुमार की 28 वर्षीय पत्नी जेसमी का शव साड़ी के फंदे से लटकता मिला था। मृतका के पिता राम सुभाग निवासी पैड़ी थाना दुधारा जनपद संतकबीरनगर ने तहरीर देते हुए बताया है कि उसकी बेटी की शादी 2014 में वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के सिकटा गांव निवासी सत्येंद्र कुमार के साथ हुई थी। उसकी बेटी को दहेज के लिए आए दिन प्रताड़ित किया जाता था। थानाध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर सिकटा निवासी पति सत्येंद्र कुमार, ससुर संकटा प्रसाद, सास कृति देवी तथा ननद लक्ष्मी देवी तथा देवर जितेंद्र कुमार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।