रंजिश में मारपीट, नौ के खिलाफ मुकदमा
बस्ती। पुलिस ने पुरानी रंजिश में मारपीट के तीन मामलों में नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुरानी बस्ती के हड़िया निवासी हरिराम का आरोप है कि गांव के सुनील चौधरी, सुभाष चौधरी, बब्बू चौधरी व अमित चौधरी ने पुरानी रंजिश में उसके साथ मारपीट की और धमकाया। वाल्टरगंज थाने के पुरैना निवासी उम्मेहबीबा का आरोप है कि गांव के अयूब ने पुरानी रंजिश में मारपीट कर अपशब्द कहते हुए जान से मारने की धमकी दी। परसरामपुर के मल्हनी निवासी संतोष पत्नी सुधाकर मिश्रा का आरोप है कि पुरानी रंजिश व भूमि विवाद में गांव के विजय कुमार, गीता, अनुपम और रूपम ने मारपीट कर उसे धमकाया। तीनों घटनाओं में पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
दहेज में तीन लाख की मांग, एफआईआर
बस्ती। महिला थाना पुलिस ने दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शहर कोतवाली के जयपुरवा निवासी अंकिता श्रीवास्तव पत्नी शैलेश श्रीवास्तव का आरोप है कि ससुरालियों ने उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया है। उससे तीन लाख रुपये की मांग की गई है। साथ ही ससुरालियों ने मांग पूरी न करने पर जलाकर मारने की धमकी दी है। महिला थाना पुलिस ने अंकिता की तहरीर पर पति शैलेश श्रीवास्तव, ससुर फागुलाल, सास, ननद व ननदोई के खिलाफ आईपीसी की धारा व डीपी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।