बस्ती। आचार्य रामचंद्र शुक्ल बालिका विद्यालय अगौना में तैनात अनुचर गोमती प्रसाद के गायब होने के मामले में पुलिस ने शनिवार को विद्यालय के प्रबंधक व उनके दो पुत्रों पर अपहरण का केस दर्ज किया है। तीन अक्तूबर से गायब गोमती प्रसाद की पत्नी ने कलवारी थाने में तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस टाल-मटोल कर रही थी।
शुक्रवार को सिर पर सफेद कपड़ा बांधकर परिवार के लोग कलक्ट्रेट परिसर में अनशन पर बैठ गए। इसके बाद सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी के आश्वासन पर वे लोग घर लौटे। सीओ के मुताबिक गोमती प्रसाद के बारे में अहम जानकारी मिल गई है, उनकी तलाश में टीमें लगी हैं।
पुलिस काे दी तहरीर में गोमती की पत्नी मुन्नी देवी ने लिखा है कि उनके पति गोमती प्रसाद तीन अक्तूबर को ड्यूटी के बाद घर नहीं लौटे। अगले दिन सुबह परिजनों ने उन्हें मोबाइल पर कॉल की, लेकिन जवाब नहीं मिला।