मैच के दौरान सीडीओ एकादश व राजस्व टीम के खिलाड़ी
- फोटो : samvad
बस्ती। शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम में शनिवार को राजस्व टीम और सीडीओ एकादश के बीच मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच खेला गया। राजस्व टीम ने कड़े संघर्ष में सीडीओ एकादश को एक ओवर शेष रहते हुए छह विकेट से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की।
राजस्व एकादश के कप्तान सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया और शुरुआती ओवर में शानदार मेडन ओवर फेंककर टीम को सधी हुई शुरुआत दिलाई। सीडीओ एकादश के कप्तान सीडीओ सार्थक अग्रवाल के नेतृत्व में उतरी सीडीओ एकादश की टीम की तरफ से ज्ञान उपाध्याय ने अपने बेहतरीन फॉर्म को जारी रखते हुए 13 छक्के और 4 चौके जड़कर 111 रन दर्शकों से जमकर तालियां बटोरीं।
राजेश पाठक ने भी 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से 32 रनों की उपयोगी पारी खेली। दोनों की शानदार साझेदारी की बदौलत सीडीओ एकादश ने निर्धारित 15 ओवर में 167 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। गेंदबाजी में राजस्व एकादश के कप्तान का प्रदर्शन काबिले-तारीफ रहा। तीन ओवर में महज 14 रन देकर दो महत्वपूर्ण विकेट झटक लिए। एडिशनल एसपी श्यामकांत और बीएसए अनूप कुमार ने उम्दा गेंदबाजी की। 167 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्व टीम ने 14 ओवर में शानदार जीत दर्ज की।
अनूप कुमार के 66 रन की अर्द्धशतकीय पारी, सुधीर तिवारी के धुंआधार 30 रन और एडिशनल एसपी के 28 रन और एसडीएम भानपुर हिमांशु की दो गगनचुंबी छक्कों के साथ 28 रनों की पारी अहम रही। विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल टीम भावना और अनुशासन को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि कार्य संस्कृति में नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच का संचार भी करते हैं। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार ज्ञान उपाध्याय को मिला।