ट्रक की टक्कर से कार पलटी
- पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के सबदेइया कला गांव के पास हुआ हादसा
महराजगंज (बस्ती)। फोरलेन पर पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के सबदेइया कला के निकट रविवार देर रात ट्रक की पीछे से टक्कर में कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। कार में दो लोग सवार थे। दोनों सुरक्षित हैं।
बिहार के गोपालगंज के रहने वाले प्रदीप सिंह रविवार को अपनी कार से दर्शन के लिए अयोध्या गए थे। कार चालक सतीश कुमार चला रहे थे। दर्शन के बाद वे देर रात घर लौट रहे थे। रात 9:30 बजे जैसे ही वे पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के सबदेईया कला गांव के निकट पहुंचे पीछे से आ रहे तेज रप्तार ट्रक ने कार को चपेट में ले लिया। टक्कर से कार अनियंत्रित होकर डिवाडर से टकराकर पलट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और एनएचएआई की टीम ने कार में सवार लोगों को बाहर निकाला और कार को सड़क के किनारे करवाया। पुरानी बस्ती के एसओ आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कार में सवार दोनों लोग सुरक्षित हैं।