सौ मिनट में सीविजिल एप की शिकायत दूर करेगा उड़नदस्ता
बस्ती। विधानसभा चुनाव के लिए गठित सभी टीमों के जिम्मेदार सीधे रिटर्निंग अफिसर को प्रतिदिन रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। यह टीम उनके मार्ग निर्देशन में ही कार्य करेगी। सहायक व्यय प्रेक्षक अपनी टीम के साथ विधानसभावार तहसीलों में बैठेंगे। सीविजिल एप पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण 100 मिनट के भीतर करना अनिवार्य है।
डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी सौम्या अग्रवाल ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में सहायक व्यय प्रेक्षक, उड़नदस्ता टीम, स्टेटिक निगरानी टीम, वीडियो निगरानी टीम, वीडियो अवलोकन टीम, मीडिया प्रमाणन एवं अनुवीक्षण समिति के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी विंग के जिम्मेदारों से हर दिन कार्य निपटाने का निर्देश दिया है। उड़नदस्ता टीम को शिकायत प्रकोष्ठ से शिकायत भेजी जाएगी। इसके निस्तारण के लिए उड़नदस्ता टीम मौके पर जाकर कार्रवाई करेगी। किसी परिसर में जांच करने से पूर्व आयकर अधिकारी का मौके पर होना आवश्यक है। बैठक का संचालन एडीएम/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभय कुमार मिश्र ने किया। कहा कि वर्तमान में सभी कर्मचारी भारत निर्वाचन आयोग के अधीन हैं, इसलिए पूरी सतर्कता एवं पारदर्शिता से कार्य करें। शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी।
इस मौके पर में मुख्य कोषाधिकारी/व्यय प्रभारी डॉ. श्रीनिवास त्रिपाठी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/आरओ अमृत पाल कौर, एसडीएम आनंद श्रीनेत, गुलाब चंद्र, जीके झा, डिप्टी कलेक्टर अतुल आनंद, सूरज यादव आदि मौजूद रहे।