बस की चपेट में आने से छात्र घायल, लखनऊ रेफर
महादेवा। लालगंज थाना क्षेत्र के बस्ती-महुली मार्ग स्थित हटवा गांव के पास शनिवार सुबह छात्र की साइकिल को बस ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल छात्र को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने लखनऊ के लिए रेफर कर दिया है।
हादसा सुबह 9:40 बजे हुआ। अनुराग यादव (10) पुत्र राजेश यादव निवासी डड़वा लगूनी गांव से साइकिल से विद्यालय जा रहा था। अनुराग अभी हटवा गांव के पास पहुंचा ही था कि महुली की तरफ से आ रही बस की चपेट में आ गया। वहां मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े। विद्यालय में इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद तत्काल निजी साधन से अनुराग को लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को सिर में ज्यादा चोट लगने के कारण बस्ती जिला अस्पताल से लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया। इस घटना से क्षेत्र के लोगों में काफी गुस्सा है। राम अजोर, हरेंद्र ,बबलू, राजेश आदि ने बताया कि अभी दो दिन पहले ही कार की टक्कर से दो छात्र इसी जगह पर घायल हुए थे। महीने में कई बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने स्पीड ब्रेकर बनाए जाने की मांग जिला प्रशासन से की है। एसडीएस पब्लिक स्कूल के प्रबंधक संजय उपाध्याय ने बताया कि सवारी बस ने टक्कर मारी है। बच्चे को तत्काल भर्ती कराया गया है। परिजनों को जानकारी दे दी गई है। सिर में चोट लगने के कारण डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर किया है।