बस्ती। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार तिवारी ने कार्यालय सभागार में शुक्रवार को नवचयनित एआरपी के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बीएसए ने सभी नवचयनित एआरपी से कहा कि बच्चों और शिक्षकों से आत्मीय संबंध बनाते हुए विद्यालयों का सपोर्टिव सुपरविजन करना ही उनका मुख्य कार्य है। उन्होंने कहा कि निपुण भारत मिशन सरकार की बहुत महत्वपूर्ण योजना है। इसके क्रियान्वयन की सबसे अहम कड़ी एआरपी हैं।
इसका मकसद बच्चों को शुरुआत से ही ऐसी शिक्षा देना है, जिससे वे भविष्य में आत्मनिर्भर, समझदार और जिम्मेदार नागरिक बन सकें। एसआरजी आशीष श्रीवास्तव और एसआरजी अंगद पांडेय ने एआरपी के कार्य दायित्व को विस्तार से बताया।