रुधौली। थाना क्षेत्र के निपनिया कला गांव में शनिवार रात 22 वर्षीय विनोद यादव पुत्र फूलचंद यादव का शव कमरे में पंखे के कुंडे से रस्सी के सहारे लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई होगी।
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब 8:50 बजे डायल 112 के माध्यम से युवक के फंदे से लटकने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो विनोद का शव कमरे में छत के कुंडे में लगे पंखे के सहारे रस्सी से लटका था।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि विनोद पहले भी आत्महत्या की कोशिश कर चुका था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जनपदीय फील्ड यूनिट ने मौके का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मृतक के पिता फूलचंद यादव की तहरीर पर पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया।