भाजपा व सपा उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन
बस्ती। स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र बस्ती सिद्धार्थनगर सीट पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार सुभाष यदुवंश के प्रस्तावकों ने व समाजवादी पार्टी के घोषित प्रत्याशी संतोष कुमार उर्फ सन्नी ने स्वयं कलेक्ट्रेट पहुंचकर सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। मंगलवार को नामांकन की अंतिम तिथि है। फिलहाल मैदान में दो प्रत्याशियों के नामांकन के चलते इस सीट पर मतदान होना करीब-करीब तय हो गया है।
उल्लेखनीय है कि विधान परिषद के बस्ती सिद्धार्थनगर सीट पर चुनाव की घोषणा के बाद यहां समाजवादी पार्टी व भारतीय जनता पार्टी की ओर से कई नामों की चर्चा होने लगी, लेकिन सपा ने संतोष कुमार उर्फ सन्नी के नाम की घोषणा तीन दिन पहले कर दी। भाजपा के प्रत्याशी के नाम की घोषणा सोमवार की सुबह हुई। भाजपा ने अपना प्रत्याशी सुभाष यदुवंश को प्रत्याशी घोषित किया है। सपा उम्मीदवार ने सोमवार को नामांकन की घोषणा पहले कर दी थी, मगर भाजपा में प्रत्याशी की घोषणा के बाद सुभाष के प्रस्तावक जिलाध्यक्ष महेश शुक्ल की अगुवाई में कलेक्ट्रेट पहुंचे और नामांकन दाखिल किया है। सन्नी ने तीन सेट तो भाजपा प्रत्याशी सुभाष की ओर से प्रस्तावक ने एक सेट में पर्चा दाखिल किया है। 23 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 25 मार्च को नाम वापसी की तिथि तय की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी सौम्या अग्रवाल के अनुसार यदि नामांकन पत्रों की जांच व वापसी के बाद दो या उससे अधिक उम्मीवार मैदान में रहेंगे तो नौ अप्रैल को आठ से चार बजे तक मतदान होगा। इसकी सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं।
एडीएम अभय कुमार मिश्र ने कहा कि सपा की ओर से संतोष कुमार उर्फ सन्नी ने तो भाजपा की ओर से प्रस्तावक ने सुभाष यदुवंश का नामांकन किया है। चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार प्रस्तावक भी उम्मीदवार का नामांकन कर सकता है। ऐसे में सुभाष का नामांकन स्वीकार कर लिया गया है।