बस्ती-बांसी मार्ग पर (हरदिया) चौराहे पर मंगलवार को बेकाबू डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान सेवानिवृत्त कानूनगो विद्याधर द्विवेदी (60) और प्रदूषण विभाग में कार्यरत उनके बेटे विवेक धर द्विवेदी (28) की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, रुधौली थानाक्षेत्र के पचारी खुर्द भितेहरा गांव निवासी विद्याधर द्विवेदी हर्रैया तहसील में राजस्व निरीक्षक पद पर तैनात थे। इसी साल 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त होने के बाद गांव में रहते थे। मंगलवार को सुबह अपने 28 वर्षीय बेटे विवेक धर द्विवेदी के साथ किसी काम से बाइक से बस्ती जा रहे थे।
कोतवाली क्षेत्र के हरदिया चौराहा के पास अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। काफी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए। एसएचओ दिनेश चंद्र चौधरी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शवों काे परिवार के लोगों को सौंप दिया गया है। मृतक के भाई सुरेंद्र धर द्विवेदी की तहरीर के आधार पर डंपर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
पिता-पुत्र की मौत से बुझ गया कुल का चिराग
स्थानीय लोगों ने बताया कि 30 अप्रैल को विवेक धर दुबे की शादी जनपद सिद्धार्थनगर के गोल्हौरा थाना क्षेत्र में हुई थी। वह भी प्रदूषण विभाग में संविदा पर नौकरी करते थे। विवेक पांच बहनों का इकलौता भाई था। सभी बहनों की शादी हो चुकी है।