भाकियू ने गन्ना अधिकारी कार्यालय का किया घेराव
- फोटो : अमर उजाला
बस्ती। बभनान चीनी मिल के मुसहा और बेलघाट गन्ना क्रय केंद्रों पर घटतौली से नाराज किसानों ने बुधवार को भाकियू जिलाध्यक्ष राम मनोहर चौधरी के नेतृत्व में जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय का घेराव किया। ट्रालियों पर गन्ना लादे पहुंचे किसानों और भाकियू पदाधिकारियों से एसडीएम सदर ने बात भी की मगर वार्ता बेनतीजा रही। प्रदर्शनकारी केंद्रों पर घटतौली बंद कराने के साथ ही कम गन्ना तौल में जो भी मामले में पकड़े गए हैं, संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही किसानों के खाते में घटतौली की रकम भेजने की मांग कर रहे थे।
भाकियू के मंडल महासचिव शोभाराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि बभनान चीनी मिल क्षेत्र के मुसहा तौल केंद्र पर तीन मार्च को 3.60 क्विंटल, बेलघाट केंद्र पर 24 जनवरी को 1.08 क्विंटल गन्ना तौल की घटतौली किसानों के विरोध के बाद पकड़ी गई। उनका कहना था कि संबंधित किसानों के खाते में अब तक न तो घटतौली की रकम भेजी गई और न ही आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कराया गया। उधर आंदोलनकारियों से एसडीएम सदर ने बात कर प्रदर्शन समाप्त कराने की कोशिश की लेकिन आंदोलनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। किसानों का कहना था कि जिन जगहों पर कम गन्ना तौल किए जाने की बात सामने आई है, संबंधित कर्मियों के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके अलावा जिन किसानों का गन्ना कम तौल किया गया, उनके खाते में कम तौल की रकम भी नहीं भेजी गई। किसानों ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। किसानों का रुख देख एसडीएम चले गए। इस बीच काफी देर प्रदर्शन के बाद आंदोलनकारी चेतावनी देकर चले गए। इन लोगों ने चेतावनी दी कि घटतौली के मामलों में जिला प्रशासन समुचित निर्णय लेकर आरोपियों पर प्रभावी कार्रवाई कर किसानों पर दर्ज मुकदमा वापस नहीं लेगा आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर शिवमूरत चौधरी, रामचन्दर सिंह, जयराम चौधरी, पारसनाथ गुप्ता, अभिलाष श्रीवास्तव, स्वामीनाथ यादव, केशवराम वर्मा, जैसराम चौधरी, त्रिवेनी, बगेदू चौहान, रामू यादव, कुलदीप यादव, रामजनक चौधरी, विजय चौधरी, हरि प्रसाद, इन्सान अली, लालजी, हरीराम आदि मौजूद रहे।