आभूषण, कपड़े, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स सामान का बाजार चटका
9 से 17 जुलाई के बीच पांच दिन शादी का मुहूर्त
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। सहालग शुरू होने से पहले ही बाजार में बहार आ गई है। कोई आभूषण की बुकिंग करा रहा है तो कोई उपहार में देने के लिए जेवरात और अन्य गिफ्ट आइटम खरीद रहा है। लोग दुकानों में कपड़े, फर्नीचर सहित अन्य सामान की खरीदारी करते हुए देखे गए। शादी में उपहार में देने के लिए बाजार में फर्नीचर की दुकानों में भी अलमारी, डबल और सिंगल बेड आदि की खरीदारी हो रही है।
इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों पर भी ग्राहक खरीदारी करते हुए दिखाई दे रहे हैं। बर्तन बाजार में भी रौनक आ गई है। शादियों में शगुन के तौर पर आज भी बर्तन देने की परंपरा है। लोगों ने शादियों में उपहार देने के लिए तांबे के कलश आदि की खरीदारी कर रहे हैं। ग्रामीण इलाकों से काफी संख्या में लोग शादियों के लिए कपड़े आदि खरीदने बाजार पहुंच रहे हैं।
गांधीनगर के कपड़ा व्यवसायी अनुराग गुप्ता ने बताया कि सहालग सीजन में बिक्री में थोड़ा इजाफा हुआ है। यदि मौसम साफ रहा तो कपड़ा कारोबार में और उछाल आएगा। सहालग का सीजन चलने से चूड़ी मार्केट में महिलाओं की सर्वाधिक भीड़ उमड़ रही है। कांच और लाख के चूड़ा-चूड़ियां, सौंदर्य प्रसाधनों की मांग बढ़ी है। चूड़ी विक्रेता पवन कुमार ने बताया कि कांच की चूड़ियां और लाख के बने चूड़े 30 रुपये से शुरू होकर अलग-अलग कीमत में उपलब्ध हैं।
...
जुलाई में पांच दिन बजेगी शहनाई
ज्योतिषी मोहित मिश्र ने बताया कि मई-जून के विराम के बाद शादी के लिए शुभ समय का इंतजार कर रहे जोड़ों के लिए जुलाई सबसे शुभ समय है। इसके बाद आपको चार महीने इंतजार करना होगा। जुलाई के 15 दिनों में शादियों के लिए पांच शुभ मुहूर्त हैं। 9, 11, 12, 13 और 15 जुलाई को शादियां हो सकती हैं। इसके बाद 17 जुलाई से देवशयनी एकादशी के कारण चातुर्मास लगने से विवाह समारोहों पर चार महीने का विराम लग जाएगा। इस अवधि में तीज-त्योहार और धार्मिक अनुष्ठान होंगे। 118 दिवसीय चातुर्मास 12 नवंबर को देवप्रबोधिनी एकादशी पर समाप्त होगा। इसके बाद नवंबर में 8 और दिसंबर में 6 शुभ अवधि हैं।