बस्ती। जनपद में बढ़ते तापमान एवं संभावित हीटवेव की स्थिति को देखते हुए डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक में विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सतर्क एवं सक्रिय रहने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्सना ने कहा कि हीटवेव के दौरान आमजन को सुरक्षित रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि सभी जिला अस्पतालों, सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर हीट स्ट्रोक से निपटने के लिए पर्याप्त दवाए, ओआरएस एवं चिकित्सा स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही एंबुलेंस सेवा को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। नगर निकायों को निर्देशित किया गया है कि सार्वजनिक स्थानों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार व भीड़ वाले क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने पशुचिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि गोशालाओं में लू से बचाव के लिए आवश्यक प्रबंध कराए। साथ ही ठंडा पानी व चारा, भूसा की पर्याप्त व्यवस्था रहें। पशुओं का टीकाकरण समय से कराना सुनिश्चित करें। विद्युत निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जर्जर तारों को चिन्हित कर समय से बदलवाया जाए। उन्होंने बीडीओ को निर्देशित किया कि सूखे हुए तालाबों में पानी भरवाया जाए। बैठक में सीडीअेा सार्थक अग्रवाल, एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, सीटीओ अशोक कुमार प्रजापति, डीएफओ डॉ. शिरीन, सीएमओ डाॅ. राजीव निगम, डीडीओ अजय कुमार सिंह, पीडी राजेश कुमार, उप जिलाधिकारी शत्रुध्न पाठक, मनोज प्रकाश, हिमांशु कुमार, सत्येन्द्र कुमार सिंह, डीएसओ विमल शुक्ला, ईओ नगरपालिका अंगद गुप्त आदि मौजूद रहे।