ब्रज की होली में खो गए दर्शक
बस्ती। दिन में स्कूली छात्र-छात्राओं ने टैंलेंट हंट में हुनर दिखाए तो बस्ती महोत्सव की शाम गीतांजलि शर्मा एवं टीम ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। गायक ब्रजेश शांडिल्य और नृत्य में न्यू रोटेटेड एक्रोबैटिक डांस ट्रूप की शानदार प्रस्तुति से पंडाल में तालियां गूंजती रही।
बस्ती महोत्सव का दूसरा दिन बुधवार टैलेंट प्रतियोगिता से शुरू हुआ। दिन में लोगों ने प्रदर्शनी और झूले का लुत्फ उठाया। लेकिन शाम रंगीन रात आठ बजे से ब्रज की होली से हुई। गीतांजलि शर्मा की टीम ने फूलों की होली खेली तो मंच पर राधा-कृष्ण के साथ जीवंत प्रस्तुति ने भक्ति की रसधार में डुबो दिया।इस दौरान बांकें बिहारी लाल के जयकारों से पंडाल गूंजता रहा। आज ब्रज में होली रे रसिया, रंग बरसे गुलाल बरसे कि राधा प्यारी पे रंग बरसे आदि प्रस्तुतियों के साथ मयूर नृत्य, फाग खेलने बरसाने में आए हैं नंद किशोर आदि पर टीम की शानदार प्रस्तुति रही। कार्यक्रम का अगला दौर काफी रोमांचक करने वाला रहा। बॉलीवुड क्लासिकल फ्यूजन व न्यू रोटेटेड एक्रोबैटिक डांस ट्रूप की शानदार प्रस्तुति देख लोग रोमांचित हो उठे। गायक ब्रजेश शांडिल्य की दिलकश अवाज ने लोग को अपना बना लिया। देर रात तक पंडाल में शांत चित लोग कार्यक्रमों का लुत्फ उठाते रहे।