बस्ती। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के संबंध में कलक्ट्रेट सभाकक्ष में जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इसमें उद्यमियों के ऋण संबंधी आवेदनों को शीघ्रता से निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की स्पष्ट मंशा है कि युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आय और आर्थिक स्थिति में बेहतर सुधार लाया जाए।
उन्होंने उपायुक्त उद्योग हरेंद्र प्रताप और अग्रणी बैंक प्रबंधक आरएन मौर्य को निर्देश दिया कि खंड विकास स्तर पर कम से कम दो उद्यमियों का चयन शीघ्रता पूर्वक कर योजना संचालन में गति प्रदान करें। बैठक में उपस्थित मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर जनपद के खाताधारकों की ई-केवाईसी, फार्मर रजिस्ट्री के संबंध में कैंप लगाकर कार्य निष्पादन किया जाए और हर ब्लाॅक का डाटा अलग-अलग कलेक्ट कर सत्यापन और मूल्यांकन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था पेंशन के लाभार्थियों के समस्याओं का समाधान भी आयोजित कैंप के माध्यम से किया जाए।
इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग और बैंकों के प्रतिनिधियों ने युवा उद्यमियों को ऋण स्वीकृत का सांकेतिक चेक वितरित किया। बैठक में बैंकों के प्रतिनिधि और उद्यमी उपस्थित रहे।