टूटी सड़क व बजबजाती नालियां हैं आंबेडकर वार्ड की पहचान
बुनियादी सुविधाओं से वंचित है वार्ड के रहने वाले लोग
शहर बढ़ा सुविधाएं नहीं
वाटर स्टैंड पोस्ट की क्षतिग्रस्त हैं चौकिया, सड़क निर्माण भी है आधा-अधूरा
संवाद न्यूज एजेंसी
हर्रैया। आदर्श नगर पंचायत के आंबेडकर नगर वार्ड के लोग अभी भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। कहने को तो वार्ड में सड़कें व नालियां बहुत पहले से बनी हैं, मगर बदइंतजामी व नियमित साफ-सफाई नहीं होने से यहां के लोगों के लिए पंचायत स्तर की सुविधा महज कहने की बात रह गई है। टूटी सड़क व बजबजाती नालियां आंबेडकर नगर वार्ड की पहचान बन गई है।
करीब 11 सौ की आबादी वाले आंबेडकर नगर वार्ड की अनुसूचित बस्ती का हाल चिंताजनक है। हर्रैया को नगर पंचायत बने करीब 33 वर्ष हो गए हैं और इसे आदर्श नगर पंचायत का दर्जा भी मिला है। मगर आंबेडकर नगर वार्ड को देखकर कहीं से भी यह नहीं लगता कि यह क्षेत्र शहर की श्रेणी में है। वर्षों पहले बने इंटरलॉकिंग सड़क को दो माह पहले खोदकर नया बनाने का कार्य शुरू हुआ था, जो बंद है। वार्ड के लोग सड़क के बीच से नाली बनाने की मांग कर रहे हैं। ठेकेदार ने पुरानी नाली पर निर्माण कार्य कराने की बात को लेकर कार्य बंद कर दिया है। जिससे सड़क पैदल चलने लायक भी नहीं रह गई है और नालियों का पानी रास्ते पर बह रहा है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बरसात आवागमन में परेशानी होती है। वार्ड के लोगों का यह भी कहना है कि साफ-सफाई के लिए लगे कर्मी नियमित रूप से नहीं आते। जिससे कूड़ा कई दिनों तक सड़क पर पड़ा रहता है। कहा कि कई महीने हो गए अधिशासी अधिकारी, चैयरमैन व जेई विकास कार्यों का निरीक्षण करने वार्ड में नहीं आए।
-----------------
वार्ड में कई जगह खुली नालियां हैं, जो अक्सर कर उफन जाती हैं और गंदा पानी सड़क पर फैलने लगता है। इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
अर्जुन, वार्ड निवासी
---------------
अभी तक झोपड़ी में रहने को मजबूर हैं। लड़के को आवास मिला है, जिसमें बहू-बेटे रहते हैं। आवास के लिए आवेदन किया, लेकिन बात नहीं बनी।
राजेंद्र, वार्ड निवासी
-----------------
वार्ड की गई स्ट्रीट लाइट नहीं जलती हैं। पेयजल के लिए स्टैंड पोस्ट की चौकियां टूट गई हैं, जिससे पानी आसपास फैला रहता है। गंदगी भी बनी रहती है।
सूबेदार, वार्ड निवासी
--------------------
टूटी सड़क व नालियां बनाने के लिए कार्य शुरू हुआ था। कुछ लोगों ने नाली बीच से बनाए जाने की मांग करते हुए काम रुकवा दिया है, जिससे समस्या बढ़ गई है। साफ सफाई व्यवस्था इस बीच प्रभावित हुई है। पेयजल की आपूर्ति के लिए लगे स्टैंड पोस्ट की चौकियों को बनाने के लिए चेयरमैन से बात हुई है। जल्द ही समस्या ठीक हो जाएगी।
रंगीलाल कन्नौजिया, सभासद, आंबेडकरनगर वार्ड
----------------------
वार्डों में साफ-सफाई के लिए सफाई कर्मियों की टीम लगी है। नाली का काम वार्ड के लोगों ने रुकवा दिया था। जेई को निरीक्षण कर फिर से स्टीमेट तैयार करने को कहा गया है। स्टैंड पोस्ट की चौकी टूटने की बात है तो यह अन्य वार्डों की भी समस्या है। इसका सर्वे कराकर स्थिति में सुधार किया जाएगा।
संजय राव, ईओ, नगर पंचायत हर्रैया