चौकड़ी टोल प्लाजा के पास ढाबे पर विवाद के दौरान मारपीट
तेज आवाज में हंसी मजाक करने पर शुरू हुआ विवाद
छावनी क्षेत्र के अंतर्गत बुधवार देर रात हुआ विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
विक्रमजोत। छावनी थाना क्षेत्र के चौकड़ी टोल प्लाजा के पास स्थित एक ढाबे पर खाना खाने गए पुलिस कर्मियों व पहले से मौजूद युवकों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंचे 112 नंबर के सिपाहियों ने ढाबे पर जमकर उत्पात मचाया। ढाबा मालिक व बावर्ची को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस घटना में ढाबा मालिक मदन चौधरी निवासी डुहवा पांडेय थाना परशुरामपुर, बावर्ची आकाश निवासी कंपनी बाग बस्ती व एक सिपाही को चोट लगी। इस दौरान ढाबे पर कई कुर्सियां क्षतिग्रस्त हो गईं।
बता दें कि बुधवार देर रात करीब नौ बजे सादे कपड़ों में दो पुलिस कर्मी भोजन करने पहुंचे। वहां खाना खा रहे चार युवक तेज आवाज में हंसी मजाक कर रहे थे। सिपाहियों ने उन्हें रोका तो वाद-विवाद हो गया। जिसके बाद हाथापाई शुरू हो गई। उसके बाद बाइक पर सवार होकर युवक वहां से फरार हो गए। थोड़ी देर में सूचना पाकर 112 नंबर पुलिस पहुंची और ढाबा मालिक व बावर्ची की पिटाई के बाद जमकर उत्पात मचाया। इस मामले में थानाध्यक्ष छावनी रोहित उपाध्याय ने बताया कि ढाबा मालिक व बावर्ची को पूछताछ के लिए थाने पर लाया गया है।