बस्ती जिले के वाल्टरगंज क्षेत्र के देईपार स्थित पीएनबी के समीप सुबह लगभग सात बजे पहले से घात लगाकर बैठे तीन हमलावरों ने बाइक सवार को जान से मारने की नीयत से लोहे के राड से हमला कर दिया। इस हमले में बाइक सवार अभिषेक निवासी पचानू थाना वाल्टरगंज गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, इस मामले में तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक घटना के बारे में आसपास के लोगों ने परिजनों की जानकारी दी। घायल को लोगों ने पीएचसी सल्टौआ पहुंचाया, जहां उन्हें रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सक ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया है। मामले में सूचना के बाद मौके पर सीओ सिटी आलोक प्रसाद के साथ पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया।
थानाध्यक्ष योगेश सिंह ने बताया कि बाइक सवार अपनी बहन को स्कूल छोड़कर घर लौट रहे थे कि पुरानी रंजिश को लेकर पहले से मौजूद तीन युवकों ने उसे रोककर जानलेवा हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मामले में घायल के पिता परमेश्वर की तहरीर के आधार पर प्रदीप निवासी परसा कुसुम, इरशाद निवासी बेलहरा थाना वाल्टगंज व एक नाम पता अज्ञात के विरुद्ध जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी तीनों नामजद को गिरफ्तार कर लिया गया है।