संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरपुर। ब्लाॅक सभागार बहादुरपुर में बृहस्पतिवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक ब्लाॅक प्रमुख रामकुमार की अध्यक्षता में हुई। इसमें आगामी वित्त वर्ष के लिए श्रमिक बजट 35 करोड़ का प्रधानों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने प्रस्ताव दिया, जिसे मंजूर कर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए ब्लाॅक प्रमुख प्रतिनिधि केके दुबे ने कर्मियों को निर्देश दिए कि सदस्यों के प्रस्ताव प्राथमिकता के आधार पर स्वीकार किए जाएं। इससे आगामी वर्ष में श्रमिकों को रोजगार देने में समस्या न हो।
बैठक में कुछ सदस्यों ने समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित योजनाओं के आवेदन के बाद भी लाभ न मिलने की शिकायत की। समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की जानकारी एडीओ समाज कल्याण सुरेन्द्र नाथ चौधरी ने दी।
क्षेत्र पंचायत सदस्य नरेंद्र सिंह व संतोष सिंह ने कहा कि पारिवारिक योजना का लाभ आवेदन करने के बाद तीन वर्ष बाद भी नहीं मिला। बीडीओ विनय कुमार द्विवेदी ने प्रधानमंत्री आवास के लिए सर्वे में जनप्रतिनिधियों से सहयोग करने की अपील की।
बैठक को एडीओ पंचायत अवधेश कुमार, एडीओ एजी दीनानाथ मिश्र, सीडीपीओ शिखा मिश्र, जिला पंचायत सदस्य अनिल भारती, प्रधान संघ अध्यक्ष अरविंद सिंह ने भी संबोधित किया। संचालन एडीओ आइएसबी राम प्रकाश त्रिपाठी ने किया।
कार्यक्रम समापन के बाद सदन में मौजूद सदस्यों ने महाकुम्भ में भगदड़ के दौरान अपनी जान गवांने वाले श्रद्धालुओं के लिए मौन रखकर श्रद्धांजलि दिया। बैठक में अनिल चौधरी, अरूण कुमार, शमशेर खान, किशोर कुमार, विजय बहादुर, महेन्द्र कुमार, विनोद चौधरी, अजय ओझा, कृष्ण मुरारी उपाध्याय, आनंद तिवारी, चंदन सिंह, करूणेश मिश्र, सत्येन्द्र पांडेय, संकटा सिंह, सुरेश सिंह, शीतला प्रसाद यादव आदि मौजूद रहे।