नगर बाजार। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मदनपुरा गांव की निवासी मालती पत्नी रामचंदर ने जमीनी विवाद को लेकर अपने पटीदारों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की मांग की है।
पीड़ित मालती का कहना है कि दो अगस्त की शाम को गांव के कुछ लोग एक राय होकर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की। पीड़िता का कहना है कि घटना के दौरान गांव के लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। उन्होंने तत्काल डायल-112 पर सूचना भी दी।
मालती का आरोप है कि घटना के बाद वह अपने परिवार के साथ पुलिस चौकी और फिर कप्तानगंज थाने पहुंची लेकिन उनकी तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। विपक्षी की ओर से पहले ही एफआईआर दर्ज कर ली गई। इसके बाद उन्होंने चार अगस्त को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर अपने व अपने परिवार के मेडिकल परीक्षण और प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की। थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की ओर से शिकायत प्राप्त हुई थी। एक पक्ष की एफआईआर पहले ही दर्ज की जा चुकी है। दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी नियमानुसार चिकित्सीय परीक्षण कराकर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।