बस्ती। जनहित के मुद्दों को लेकर शास्त्री चौक सामाजिक कार्यकर्ता आशीष शुक्ल सैनिक का अनशन छठे दिन भी जारी रहा। दिन भर उनके समर्थकों का तांता लगा रहा। विभिन्न थाना क्षेत्रों के पीड़ित महिला-पुरुष भी शिकायत लेकर पहुंचते रहे। देर शाम एडीएम प्रतिपाल सिंह, एसडीएम सदर शत्रुघ्न पाठक पुलिस फोर्स, चिकित्सीय टीम और एंबुलेंस के साथ पहुंचे। समझा-बुझाकर अनशनकारी को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
विभिन्न आपराधिक, प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर आशीष शुक्ल 18 जून से अनशन पर बैठ गए थे। वह डीएम- एसपी की ओर से विभिन्न मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई के लिए लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े थे। लेकिन, डीएम-एसपी मौके पर नहीं पहुंचे। इधर, उनकी हालत बिगड़ती जा रही थी। प्रशासन की तरफ से एडीएम और एसडीएम चिकित्सीय टीम के साथ मय फोर्स पहुंचे। इस दौरान अधिकारियों की तरफ से बताया गया कि खुटहन में बिजली के तार की चपेट में आने जिन दो युवकों की मौत हो गई थी उनके घर के रास्ते का प्रकरण निस्तारित करा दिया गया है। अधिकारियों की तरफ से अन्य कार्रवाई का भी हवाला दिया गया। कहा कि प्रशासनिक स्तर पर सभी मामलों में जांच की जा रही है। शीघ्र कार्रवाई भी सामने आ जाएगी। इसके बाद आशीष को उनके स्वास्थ्य का ख्याल रखने के लिए समझाया गया। वार्ता के उपरांत उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में आशीष के समर्थक मौजूद रहे। उनके जिला अस्पताल पहुंचने पर वहां भी समर्थकों की भीड़ जुट गई। आशीष ने कहा कि उनका आंदोलन अभी खत्म नहीं हुआ है। यदि अफसर लिखित आश्वासन नहीं देंगे तो स्वास्थ्य परीक्षण के बाद वह फिर अनशन पर लौट आएंगे। उन्होंने समर्थकों को किसी तरह का उग्र प्रदर्शन न करने का भी अनुरोध किया।