प्रशासन ने टेट परीक्षा की तैयारी की बनाई रणनीति
28 नवंबर को होगी परीक्षा, प्रथम पाली में 37 तो दूसरी पाली के लिए बने 26 केंद्र
बस्ती। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) शूचितापूर्ण ढंग से 28 नवंबर को आयोजित करने के लिए प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। एडीएम अभय कुमार मिश्र के नेतृत्व में परीक्षा आयोजित की जाएगी। जिले में टेट परीक्षा के लिए 37 केंद्र बनाए गए हैं। इसे लेकर बृहस्पतिवार को जीजीआईसी में तैयारी बैठक हुई।
एडीएम ने बताया कि 28 नवंबर को दो पाली में यह परीक्षा होगी। प्राथमिक स्तर की परीक्षा प्रथम पाली में सुबह दस से 12:30 बजे तक तथा उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा द्वितीय पाली में दोपहर 2:30 से पांच बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा वस्तुपरक, बहुविकल्पीय प्रश्नों वाली होगी। प्रथम पाली के लिए 37 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 17664 अभ्यर्थी शामिल होंगे। द्वितीय पाली की परीक्षा 26 केंद्रों पर होगी। इसमें 11328 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
डीएम सौम्या अग्रवाल ने परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा पर्यवेक्षक की तैनाती एवं तीन सचल दलों का गठन कियाहै। परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का प्रयोग करने या किसी अन्य के स्थान पर परीक्षा देने वाले के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
डीआईओएस डीएस यादव ने बताया कि सभी केंद्र व्यवस्थापक 27 नवंबर को परीक्षा की व्यवस्था पूर्ण कराकर उन्हें रिपोर्ट करेंगे। परीक्षा केंद्र का गेट परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले खोला जाएगा। परीक्षा हॉल में प्रवेश वेबसाइट से डाउनलोड किया गया प्रवेश पत्र में फोटोयुक्त आईडी एवं प्रशिक्षण प्रमाणपत्र अथवा रजिस्ट्रार या सक्षम अधिकारी द्वारा इंटरनेट से प्राप्त अंकपत्र की प्रमाणित प्रति देखकर ही दिया जाएगा। इन प्रपत्रों के अभाव में किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं होगी।