संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। सोमवार को नगर पंचायत मुंडेरवा के सभासद चंद्रमोहन भट्ट के नेतृत्व में सभासदों और क्षेत्रीय नागरिकों ने तहसीलदार सदर को शिकायती पत्र सौंपा। मांग की कि जाति, आय, निवास प्रमाणपत्र आदि के नाम पर की जा रही अवैध वसूली पर रोक लगाते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाय।
पत्र में आरोप लगाया गया है कि नगर पंचायत मंडेरवा में तैनात राजस्व लेखपाल और उनके मुंशी जाति, आय, निवास प्रमाणपत्र आदि बनवाने के नाम पर अवैध वसूली करते हैं।
आवेदन करने पर 15 से 20 दिन के बाद रिपोर्ट लगाया जाता है। बाद में लेखपाल और मुंशी फोन कर आधार कार्ड लेकर मुंडेरवा बाजार में बुलाते हैं। मिलने पर 500 से लेकर दो हजार रुपये तक की मांग की जाती है। रुपये न देने पर आवेदक के फार्म को निरस्त कर दिया जाता है, जो लोग रिश्वत दे देेते हैं उनकी रिपोर्ट लगा दी जाती है।
ज्ञापन देने के बाद आलोक कुमार चौधरी सभासद, शिवकुमार, सभासद प्रतिनिधि अजय अग्रहरि, राम प्रकाश चौधरी, पंकज भट्ट, दिलीप भट्ट, रोहित भट्ट, सर्वेश भट्ट, अभय कुमार वर्मा, चंद्रशेखर आदि ने रिश्वतखोरी पर अंकुश और लेखपाल पर कार्रवाई की मांग की।