किशोरी की आत्महत्या में युवक पर उकसाने का आरोप
14 दिसंबर को घर में कुंडे लटका मिला था किशोरी का शव
मृतका की मां ने थाने में दी तहरीर, पुलिस ने किया तहरीर मिलने से इनकार
संवाद न्यूज एजेंसी
बनकटी। लालगंज थानाक्षेत्र की किशोरी की आत्महत्या के मामले में बुधवार को तब नया मोड़ आ गया, जब मृतका की मां ने पुलिस को तहरीर देकर गांव के युवक पर उकसाने का आरोप लगा दिया। मृतका की मां का कहना है कि उसी युवक के उकसाने पर उसकी बेटी ने साड़ी का फंदा लगाया। दुष्कर्म करने का भी आरोप लगाया है।
बता दें कि 14 दिसंबर को घर के अंदर छत के कुंडे में साड़ी के फंदे से लटका 15 वर्षीय किशोरी का शव मिला था। किशोरी मां और भाई के साथ घर में रहती थी। उसके पिता की छह साल पहले मौत हो चुकी है। मृतका की मां ने बताया कि 14 दिसंबर को वह मनरेगा के तहत मजदूरी करने गई थी और बेटा बकरी चराने गया था। दोपहर बाद उसका बेटा घर आकर बहन को आवाज लगाने लगा। लेकिन बंद कमरे के अंदर से कोई आवाज नहीं आई। अनहोनी के डर से भागकर वह अपनी मां के पास पहुंचा और जानकारी दी। यह सुनते ही मां और साथ में काम कर रहे कई अन्य ग्रामीण भी घर पहुंचे तो घर के कमरे के अंदर लटका शव दिखाई दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस इसे आत्महत्या मानकर कार्रवाई कर रही थी कि बुधवार को मां ने गांव के युवक पर दुष्कर्म व आत्महत्या के लिए उकसाने की तहरीर दी। थानाध्यक्ष उमाशंकर तिवारी का कहना है कि उन्हें अभी तहरीर नहीं मिली है। यदि मिलती है तो उसी अनुसार कार्रवाई की जाएगी।