अवैध आरा मशीन सीज, प्रतिबंधित लकड़ी बरामद
- बनकटी ब्लॉक के बूदी और बोदवल में वन विभाग ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले के वन विभाग की टीम ने सोमवार को बनकटी ब्लॉक के बूदी गांव में अवैध रूप से संचालित आरा मशीन को जब्त कर लिया। वहीं बोदवल गांव में छापा मारकर अवैध रूप से कटान किए गए आम और महुआ का एक पेड़ सीज कर दिया।
डीएफओ नवीन कुमार शाक्य के अनुसार सदर रेंजर विनोद नायक व सचल दल प्रभारी व डिप्टी रेंजर राजकुमार की टीम ने यह कार्रवाई की है। जानकारी दी कि ग्राम सभा बूदी में झिनकू के घर में एक अवैध आरा मशीन संचालित हो रही थी, जिसे जड़ से उखाड़कर जब्त किया गया। वहीं, बोदवल गांव में छापा मारकर पूर्व प्रधान शंभू अग्रहरि के कब्जे से दो आम व एक महुआ के हरे पेड़ की लकड़ी भी पकड़ी गई है। दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा रही है। टीम में सचल दल प्रभारी व डिप्टी रेंजर राजकुमार के अलावा आलोक कुमार सिंह, जगदीश प्रसाद और वनरक्षक श्रीकांत आदि शामिल थे।