मानिकचंद। बस्ती-बांसी मार्ग पर वाल्टरगंज थानाक्षेत्र के पैंड़ा चौराहे पर चार पहिया वाहन की चपेट में आने से 39 वर्षीय युवक की घटना स्थल पर मौत हो गई। पुलिस के पहुंचने में देर होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने बांसी मार्ग जाम कर दिया। सवा आठ बजे पहुंचे थानाध्यक्ष उमाशंकर त्रिपाठी ने भीड़ व परिजनों से वार्ता कर आधे घंटे बाद रास्ता खाली कराया। रुधौली विधायक राजेंद्र प्रसाद चौधरी, हियुवा के प्रकाश चौधरी सहित अन्य भी पहुंच गए। पुलिस ने शव लेकर जिला अस्पताल चली गई।
वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के पैडा खरहरा के 39 वर्षीय फूलचंद उर्फ गोर्चइ पुत्र अदालत अपने बच्चों के खाने-पीने का सामान लेकर सड़क के बगल से घर जा रहा था।
शहीद शिव गुलाम सिंह स्थल के पास रुधौली की तरफ जा रहे तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने चपेट में ले लिया, जिससे वह 25 फीट दूर सिर के बल जा गिरे।
सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। मौके पर पहुंची पत्नी रीता देवी, बेटा कमलेश, सचिन व बेटी निधि घटना को देख बेहोश हो गए। घटना के वाद जुटी भीड़ के करुण क्रंदन से सभी के आखों से आंसू आ गए। फूलचंद मछली बेच कर परिवार का भरण पोषण करता था।