हरीश के एक मोबाइल फोन लापता, पुलिस कर रही तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
छावनी/ विक्रमजोत (बस्ती)। हर्रैया थानाक्षेत्र के बेलाड़े शुक्ल निवासी हरीश शुक्ल की हत्या की वजह को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। प्रेम प्रसंग में भी हत्या की आशंका जताई जा रही है। हरीश की मां निशा के अनुसार, गांव के कुछ लोगों से उनके परिवार की रंजिश चल रही है, हालांकि हरीश के पिता का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। उधर, हरीश की लाश मिलने की सूचना के बाद गांव का एक परिवार घर पर ताला लगाकर गायब है, जिसको लेकर कई कयास लगाए जा रहे हैं।
उधर, पुलिस हरीश के पास मिले फोन से सुराग तलाशने में जुटी है। वह दूसरे फोन को भी तलाशने में लगी है। माना जा रहा है कि उस फोन में ऐसा कुछ है, जो शायद हरीश की हत्या का कारण बना। कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वह मामले का खुलासा कर देगी।
शरीर पर कई गंभीर चोटें मिलीं
पोस्टमार्टम में हरीश के शरीर पर गहरी चोटें तो मिली हैं, लेकिन उनको देखकर ऐसा लग रहा है जैसे बाइक किसी भारी चीज से टकराई है। हालांकि घटनास्थल पर ऐसी कुछ नहीं मिला, जिससे टकराकर ऐसी गंभीर चोटें लग सकती हों। शव भी ऐसी हालत में मिला, जैसे कोई बाइक से गिर गया हो, लेकिन उस हालात में इतनी गंभीर चोट नहीं लग सकती कि किसी की मौत हो जाए। इसलिए ऐसा माना जा रहा है कि शायद हरीश की हत्या के बाद शव को उस तरह रखा गया, ताकि यह हादसा जैसा प्रतीत हो। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, हरीश की नाक व जबड़ा टूटा हुआ था। दाहिनी आंख पर गहरी चोट मिली। दाहिना पैर भी घुटने के नीचे टूटा हुआ था। तीन पसलियां टूट गई थीं।
मां हैं कैंसर से पीड़ित
हरीश की मां निशा कैंसर की मरीज हैं। उनका लखनऊ से इलाज चल रहा है। उसका बड़ा भाई लखनऊ में नौकरी करता है।