नगर बाजार। जनपद में सामाजिक सरोकारों और मानवीय संवेदनाओं को नई दिशा देते हुए बस्ती सदर विकास खंड के ग्राम पंचायत मरहा ने एक सराहनीय पहल की है। ग्राम पंचायत द्वारा प्राथमिक विद्यालय, पंचायत सचिवालय में कपड़ा बैंक स्थापित करने का महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किया गया है।
इस पहल का उद्देश्य गांव के जरूरतमंद परिवारों, बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं असहाय लोगों को स्वच्छ और उपयोगी कपड़े उपलब्ध कराना है। ग्राम पंचायत की इस योजना के तहत गांव के सक्षम एवं जागरूक नागरिक अपने अच्छे लेकिन अनुपयोगी कपड़े कपड़ा बैंक में जमा कर सकेंगे। पंचायत द्वारा इन कपड़ों को व्यवस्थित रूप से जरूरतमंद लोगों तक सम्मानपूर्वक पहुंचाया जाएगा। कपड़ा बैंक में बच्चों, महिलाओं एवं पुरुषों के कपड़ों के साथ-साथ गर्म वस्त्र, कंबल और अन्य उपयोगी सामग्री भी जमा की जा सकेगी। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अखिल कुमार यादव ने बताया कि यह पहल केवल वस्त्र वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सहयोग, सहकारिता और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि गांव में कई ऐसे परिवार हैं जिन्हें समय-समय पर उपयोगी कपड़ों की आवश्यकता होती है।