बस्ती। ‘यादे फातिमा’ के दूसरे दिन इमामबाड़ा शाबान मंजिल, गांधी नगर में मजलिस के बाद कैंडल मार्च निकालकर मदीने की शहजादी हजरत फातिमा जहरा को श्रद्धासुमन अर्पित किया गया। कैंडल लेकर निकले सोगवारों ने नौहा और मातम के जरिये अकीदत का इजहार किया। हजरत फातिमा की वफात के अवसर पर आयोजित मजलिस के दौरान वक्ताओं ने उनके जीवन, त्याग और अहलेबैत के प्रति निष्ठा पर प्रकाश डाला।
मजलिस में नौहाख्वान साबिर रिजवी ने हजरत फातिमा की याद में नौहा पेश किया। उनकी प्रस्तुति से माहौल गमगीन हो गया। मजलिस का संचालन कर रहे मौलाना हैदर मेंहदी ने कहा कि कर्बला की बुनियाद पैगंबर की वफात के बाद ही पड़ गई थी। इस्लाम में फैली नासबियत ने हमेशा आले रसूल के दुश्मनों का बचाव किया है।
इंजीनियर शबीब हैदर ने कहा कि जिस फातिमा के घर पर खुद पैगंबर सलाम पेश करने आया करते थे, उसी घर को जलाने का प्रयास किया गया। हजरत फातिमा को अपने पिता के इंतकाल पर गम मनाने तक की इजाजत नहीं थी। निरंतर हुए जुल्म के परिणामस्वरूप पैगंबर की वफात के महज तीन माह बाद उनकी प्यारी बेटी भी इस दुनिया से रुखसत हो गईं। मौला अली ने हजरत फातिमा की वसीयत के मुताबिक रात के अंधेरे में अपने कुछ करीबी लोगों के साथ उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया।
उन्होंने कहा कि कुरआन पैगंबर के अहलेबैत की प्रशंसा से भरा पड़ा है। जब भी इस्लाम को खून की जरूरत पड़ी, हजरत फातिमा की औलादों ने कुर्बानी दी। कर्बला का मैदान इसका गवाह है। आज दुनिया देख रही है कि अहलेबैत के दर से जुड़े और हुसैनी लोग सिर उठाकर जिंदगी जी रहे हैं।