कप्तानगंज। स्थानीय विकास खंड में कृषि निवेश मेला और प्रदर्शनी में आए किसानों को कृषि वैज्ञानिकों ने बेहतर उत्पादन की जानकारी दी। उद्घाटन के मुख्य अतिथि पूर्व सपा जिलाध्यक्ष राजाराम यादव रहे।
कहा कि कृषि वैज्ञानिकों और अधिकारियों की ओर से बताए गए उपाय अपनाकर किसान अपनी फसल का बेहतर उपज पा सकते हैं। ब्लॉक प्रमुख राजमणि चौधरी ने उद्घाटन करते हुए किसानों को ब्लॉक के माध्यम से मिल रही योजनाओं का पूरा लाभ लेने की बात कही। कृषि विज्ञान केंद्र बंजरिया के समन्वयक डॉ. एसएन सिंह, विषय वस्तु विशेषज्ञ रामवृक्ष शुक्ल ने किसानों को उन्नत किस्म के गेहूं, चना, मटर, सरसों आदि फसलों के तकनीकी तरीके से उपज लेने के बारे में बताया। पूर्व कृषि वैज्ञानिक एसपी उपाध्याय, अरविंद सिंह, रामक्लेश पासवान, कृषि अधिकारी रामकुमार आदि ने फसलों को जंगली सुअर व नील गायों से बचाने और सीड ड्रिल मशीन से बुवाई करने की जानकारी दी। इस अवसर पर गंगा प्रसाद चौधरी, मारकंडेय मिश्रा, आज्ञाराम वर्मा, सर्वेश कुमार, राजेश आर्य, रामजी मिश्रा, धर्मराज चौधरी, विंदा प्रसाद चौधरी सहित अन्य किसान मौजूद रहे।