बस्ती। सोमवार की भोर में टीम के छापे में रोडवेज डिपो के सामने स्थित खोआ मंडी के पास ढाई क्विंटल खोआ के साथ पचास किलो बूंदी जब्त हुआ। हालांकि इस बार भी टीम के हत्थे इसका कैरियर या मालिक नहीं लगा।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी उमेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में विभाग की टीम ने भोर में सवा चार बजे छापेमारी की। खोआ मंडी के सामने टीम को लावारिश हालत में छह बोरियों में सड़क किनारे खाद्य सामग्री मिली। जब टीम ने इसकी पड़ताल की तो पांच बोरियों में ढाई क्विंटल मिलावटी खोआ और एक बोरे में 50 किलो के करीब बूंदी दाना पाया गया। बताया कि लावारिश खाद्य सामग्री को जब्त कर लिया गया। हालांकि कैरियर हाथ नहीं लगा। काफी देर तक इंतजार के बाद कोई मालिकाना हक जताने नहीं आया तो सामान को जिला अस्पताल स्थित कार्यालय पर ले जाया गया। सीएफएसओ ने बताया कि टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सदर संदीप श्रीवास्तव, बाबूलाल आदि शामिल थे। बताया कि दीपावली को देखते हुए जल्द ही प्रभावी अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए परिवहन विभाग के अधिकारियों से भी वार्त्ता की गई है।