फिर बढ़ने लगी सरयू, लोगों में दहशत
खतरे से 48 सेमी. ऊपर बहने लगी नदी
कटरिया-चांदपुर तटबंध पर कटान जारी
अमर उजाला ब्यूरो
दुबौलिया। सरयू नदी एक बार फिर बढ़ने लगी है। रविवार को जलस्तर जहां 93.170 मीटर यानी 44 सेंटीमीटर ऊपर था, वहीं, सोमवार को बढ़कर 93.210 मीटर पहुंच गया है।
पहाड़ों के साथ मैदानी क्षेत्रों में बारिश होने से नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने लगा है। वहीं, तेज धारा का दबाव कटरिया-चांदपुर तटबंध पर कायम है। इससे कभी ठोकर का बैठना तो कभी ठोकर के नोज का बह जाना चल रहा है। सोमवार को तटबंध का बेस भी डूब गया। मरम्मत कार्य जारी है। इससे बाढ़खंड के अधिकारियों को पसीना छूटने लगा है। बेस डूबने के साथ ही पहले से पानी से घिरे सुविखा बाबू, खजांचीपुर, टेड़वा आदि गांव पानी से घिरे हुए हैं। वाशिंदों को नाव से ही आना-जाना पड़ रहा है। वहीं, किशुनपुर-मोजपुर रिंगबाध पर मरम्मत कार्य जारी है। ब्लॉक क्षेत्र के ही गौरा-सैफाबाद तटबंध पर पारा गांव के बने आधा दर्जन ठोकरों पर दबाव बना हुआ है। दिलासपुरा गांव के निकट कृषि योग्य जमीन नदी काट रही है। गांव के लोग अपने घरों को उजाड़ रहे हैं। टकटवा रिंगबांध बांध के हालात भी पूर्ववत बने हुए हैं।
फोटो
मुख्य खबर
भिउरा गांव के पास कटान से अफरा-तफरी
50 मीटर लंबा व एक मीटर चौड़ाई में कटा तटबंध
बाढ़खंड के साथ पुलिस और प्रशासन के लोग पहुंचे
अमर उजाला ब्यूरो
दुबौलिया। अतिसंवेदनशील कटरिया-चांदपुर तटबंध पर हालात ठीक नहीं हैं। सोमवार को एक बार फिर चांदपुर और भिउरा गांव के बीच कटान शुरू हो गई। इससे आसपास के गांवों में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों का हुजूम बंधे पर आ डटा। पुलिस ने किसी तरह भीड़ को रोका।
सरयू का रुख बरसात से उग्र होता जा रहा है। नदी लाल निशान से 48 सेेेंटीमीटर ऊपर बहने लगी है। रविवार देर रात कटरिया-चांदपुर तटबंध पर धारा का तेज दबाव पड़ने से ठोकर संख्या तीन का पांच मीटर नोज पानी में बह गया। जानकारी होते ही बाढ़खंड ने मजदूरों को लगाकर रात में ही मरम्मत कार्य शुरू कराया। सोमवार सुबह इसी ठोकर के पूर्व तरफ 10 मीटर बेस बैठ गया। दोपहर होते-होते करीब 11 बजे चांदपुर व भिउरा गांव के बीच में 50 मीटर लंबा और एक मीटर चौड़ाई में बांध कटने लगा। तेज कटान की सूचना पर चांदपुर समेत आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों का हुजूम तटबंध पर उमड़ पड़ा। मौके पर पुलिस टीम के साथ दुबौलिया एसओ पंकज गुप्ता पहुंचे और भीड़ को कटान स्थल पर जाने से रोक दिया। ग्रामीण शांत थे। मौके पर बाढ़ खंड के एसडीओ जितेंद्र कुमार, अवर अभियंता संजय यादव, स्वप्निल श्रीवास्तव तेजी दिखाते हुए भिऊरा और चांदपुर गांवों की तरफ से बोल्डर व ईंट, रोडे़ मंगाने लगे। सैकड़ों की संख्या में मजदूरों को लगा दिया।
बारिश से तटबंध पर बढ़ी फिसलन
बारिश के चलते तटबंध पर फिसलन बढ़ गई है। इसके कारण बोल्डर, ईंट, रोडे़ पहुंचाने में दुश्वारियां हो रही हैं। फिसलन बढ़ने से ट्रैक्टर ट्रॉली के बंधे पर पहुंचने में दिक्कतें हो रहीं हैं। परिणाम स्वरूप मरम्मत कार्य भी बाधित हो रहा है। ईंट, रोडे़ डालकर तटबंध पर रास्ता बनाया जा रहा है। एसडीओ जितेंद्र कुमार का कहना है कि कटान का दायरा धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है। लेकिन मरम्मत कार्य भी जारी है। स्थिति नियंत्रण में है। मौके पर पहुंचे हर्रैया एसडीएम एसपी शुक्ल ने बताया कि लगातार जायजा ले रहा हूं। कटानस्थल पर स्थिति नियंत्रण में है। खतरे की कोई बात नहीं है। चांदपुर के ग्रामीणों के लिए लंच पैकेट, चाय, बिस्किट व पशुओं का चारा भी वितरित किया जा रहा है। एसडीएम के साथ ही तहसीलदार मो. जसीम भी डटे रहे। कटानस्थल पर मरम्मत कार्य जारी है।