प्रभारी समेत रखौना चौकी के सभी आठ पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
बस्ती। टुल्लू पंप चोरी के आरोप में लालगंज थाने की रखौना पुलिस चौकी पर दो व्यक्तियों को अनावश्यक रूप से तीन दिन से बैठाए जाने से नाराज एसपी आशीष श्रीवास्तव ने बुधवार शाम चौकी प्रभारी और चौकी पर कार्यरत सभी पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया। जिनमें प्रभारी चौकी रखौना शशिकांत, हेड कांस्टेबल प्रहलाद यादव व कमलेश यादव, कांस्टेबल आशीष नायक, राहुल कुमार, जितेंद्र चौहान, निर्भय नारायण सिंह और विनोद यादव शामिल हैं।
अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन गोरखपुर का स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक रूप से थाने या चौकी पर न बैठाया जाए। इसके लिए हर दिन थाना प्रभारी व पुलिस अधीक्षकों को इस आशय का प्रमाण-पत्र एडीजी गोरखपुर जोन को भेजा जाता है। इस आदेश का लालगंज थाने की रखौना पुलिस चौकी में उल्लंघन का मामला सामने आया तो इसे एसपी आशीष श्रीवास्तव ने पूरी गंभीरता से लेते हुए एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी से जांच कराई। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप की पुष्टि होने के आधार पर कार्रवाई की गई है। एसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि अनावश्यक रूप से चौकी पर दोनों को बैठाये रखने की पुष्टि होने के बाद तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किया गया है।