‘80 वर्ष से ऊपर के आयु वाले 740 वोटर घर से डाल सकेंगे वोट’
बस्ती। जनपद के 80 वर्ष से अधिक उम्र एवं दिव्यांग मतदाता से विधानसभावार गठित मतदान पार्टी घर-घर जाकर मतदान कराएगी। जिले में 80 वर्ष से अधिक आयु के 740 व्यक्तियों ने घर पर वोट डालने के लिए आवेदन किया है। इसमें सर्वाधिक 369 रुधौली विधानसभा में हैं। इसके अलावा हर्रैया में 16, कप्तानगंज में 22, सदर में 92 तथा महादेवा में 241 है। बैठक में अनुपस्थित एआरटीओ अरुण प्रकाश चौबे तथा एसओसी अनिल कुमार राय का डीएम ने स्पष्टीकरण तलब किया है।
डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी सौम्या अग्रवाल ने शनिवार की देर रात कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में निर्वाचन संबंधी तैयारियों की जानकारी ली। साथ ही बताया कि कुल 4,769 दिव्यांगों ने डाक मतपत्र से मतदान करने का सहमति दी है। इसमें हर्रैया में 19, कप्तानगंज में 10, रुधौली में 171, सदर में 96 तथा महादेवा में 180 दिव्यांग हैं। डीएम ने इस सभी मतदाताओं के घर मतदान पार्टी, पूरी सुरक्षा के साथ मतपत्र तथा वोटर कंपार्टमेंट भिजवाने के लिए रूट चार्ट बनाने का सभी आरओ को निर्देश है। कहा कि निर्वाचन का कार्य समयबद्ध होता है। इसलिए युद्ध स्तर पर कार्य करते हुए सभी दायित्वों को समय से पूरा करें।
समीक्षा में पाया कि निर्वाचन के लिए आवश्यक वाहनों के अधिग्रहण के लिए पत्र भेज दिया गया है। निर्देश दिया कि वाहन स्वामियों से कंफर्मेशन भी प्राप्त कर लें। सीएमओ डॉ. चंद्रशेखर ने बताया कि 20 से 26 फरवरी के बीच मतदान पार्टी के प्रशिक्षण के दौरान थर्मल स्क्रीनिंग तथा मेडिकल टीम, एंबुलेंस के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। मतदान के दिन सभी बूथ पर आशा और एएनएम थर्मल स्क्रीनिंग करेंगी। इसके अलावा मतदान के दिन सभी सीएचसी /पीएचसी हाई अलर्ट मोड पर रहेंगी।
बैठक का संचालन एडीएम/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभय कुमार मिश्र ने किया। इस मौके पर सीडीओ/प्रभारी कार्मिक निर्वाचन डॉ. राजेश कुमार प्रजापति, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अमृतपाल कौर, एसडीएम आनंद श्रीनेत, गुलाबचंद, अतुल आनंद, डिप्टी कलेक्टर शैलेष दुबे, डीडीओ अजीत श्रीवास्तव, पीडी कमलेश सोनी, मुख्य कोषाधिकारी डॉ. श्रीनिवास त्रिपाठी, जगदीश शुक्ला, डीएस यादव आदि मौजूद रहे।