जिले में सात लोग कोरोना संक्रमित पाए गए
बस्ती। जिले में कोरोना के केस तेजी से बढ़ रहे हैं। मंगलवार को एक साथ कोरोना के सात संक्रमित मिले हैं। 869 लोगों की जांच रिपोर्ट जारी की गई, जिसमें सात पॉजिटिव और 862 निगेटिव हैं। इस प्रकार जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या 23 हो गई है। कोरोना के बढ़ते मरीजों की संख्या के चलते स्वास्थ्य विभाग सजग हो गया है।
गौरतलब है कि दो दिन बाद एक साथ सात कोरोना पॉजिटिव मिलने से संक्रमण में तेजी मानी जा रही है। सीएमओ डॉ. चंद्रशेखर ने बताया कि कोरोना के मरीज बढ़ रहे हैं। ऐसे में सतर्कता बहुत जरूरी है। जिन सात लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है वह जिले के विभिन्न ब्लॉकों के अलग-अलग क्षेत्र के हैं। मंगलवार कोरोना जांच के लिए 942 लोगों का नमूना लेकर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। बताया कि जांच की संख्या बढ़ाई गई है। कोरोना की आशंका के मद्देनजर तैयारी पूरी है। लोगों को कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए। कोरोना जांच के लिए रोडवेज व रेलवे स्टेशन के अलावा चौराहों व भीड़ भाड़ वाले स्थलों से टीम ने नमूना लिया है। कहा कि संक्रमण का खतरा अभी टला नहीं है। ऐसे में कोरोना के प्रति लोगों को सजग रहना होगा। खांसी, बुखार होने पर बिना देर किए कोरोना की जांच कराएं। संदिग्ध व्यक्ति की जांच में सहयोग करें। कोरोना गाइड लाइन का पालन करें जिससे संक्रमण बढ़ने न पाए।