आरक्षी भर्ती परीक्षा : पहले दिन दोनों पाली में 2144 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा
- किसी भी केंद्र पर गड़बड़ी की नहीं मिली शिकायत
- पहली पाली में 3067 व दूसरी पाली में 3141 परीक्षार्थी हुए शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। खाकी पहनकर सेवा का मौका हासिल करने की होड़ में शामिल नौजवानों ने शुक्रवार को परीक्षा दी। दोबारा लिखित परीक्षा में शामिल हो रहे अभ्यर्थियों के चेहरे पर मलाल साफ झलक रहा था। बावजूद इसके उनकी आंखों में सुनहरे भविष्य के सपने तैर रहे थे। पहले दिन शुक्रवार को गोरखपुर, आंबेडकरनगर, गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, महराजगंज व देवरिया जिले के 6208 अभ्यर्थियों ने जिले के 12 केंद्रों पर परीक्षा दी।
पहले दिन की दोनों पालियों में कुल 8352 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें 2144 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। पहली पाली में कुल 4176 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे। जिसमें 3067 परीक्षा देने नहीं पहुंचे। दूसरी पाली में भी 4176 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें 1035 अनुपस्थित रहे और 3141 ने परीक्षा दी पांच दिनो तक 10 पालियों में होने वाली परीक्षा में कुल 41400 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा की तिथि 23, 24, 25, 30 और 31 अगस्त निर्धारित है।
भोर में पांच बजे से ही परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। साढ़े छह बजे तक काफी भीड़ जुट गई। पहली पॉली की परीक्षा समाप्त होने से पहले ही केन्द्रों के बाहर दूसरी पॉली के अभ्यर्थियों की भीड़ जुट गई थी। दोपहर एक बजे से दूसरी पॉली में केंद्रों पर प्रवेश शुरू हुआ। त्रिस्तरीय चेकिंग के बाद ही अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया गया। अभ्यर्थियों को पेन, पेंसिल, प्रवेशपत्र और आधार कार्ड ही अंदर तक ले जाने की अनुमति मिली।
पुलिस कर्मी सुबह से ही अपनी ड्यूटी स्थल पर मौजूद हो गए। केंद्र के बाहर लगे पुलिस कर्मी संदिग्धों पर नजर रखते नजर आए। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले बायोमेट्रिक सत्यापन हुआ। प्रवेश पत्र की डिटेल्स का आधार कार्ड से मिलान किया गया। बैग आदि लेकर पहुंचे अभ्यर्थियों का सामान केंद्र के बाहर ही जमा करने की व्यवस्था दिखी। डीएम व एसपी ने विभिन्न केन्द्रों पर लगे बायोमैट्रिक की भी जांच की। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा शुरू हुई। दोनों पालियों में आला अफसर परीक्षा केंद्रों का भ्रमण करते नजर आए। आयुक्त अखिलेश सिंह, आईजी आरके भारद्वाज, डीएम रवीश गुप्ता, एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी, एडीएम प्रतिपाल चौहान, डीआईओएस जगदीश प्रसाद शुक्ल समेत अन्य अधिकारी सुबह से ही परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने में जुटे रहे।
...
इन केंद्रों पर हुई परीक्षा
पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के लिए जीआईसी, जीजीआईसी, महिला पीजी कॉलेज, किसान इंटर कॉलेज, बेगम खैर गर्ल्स कॉलेज, एपीएन पीजी कॉलेज, शिवहर्ष किसान पीजी कॉलेज, जीआरएस इंटर कॉलेज, आर्यकन्या इंटर कॉलेज, श्रीकृष्ण पांडेय इंटर कॉलेज और श्रीमती कृष्ण कुमारी पांडेय गर्ल्स इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। डीएम रवीश गुप्ता ने बताया कि पहले दिन दोनों पॉलियों की परीक्षा सकुशल सम्पन्न कराई गई।
...
कमिश्नर व आईजी ने कंट्रोल रूम से लिया जायजा
बस्ती। कमिश्नर अखिलेश सिंह व आईजी आरके भारद्वाज ने राजकीय इंटर कॉलेज बस्ती व शिव हर्ष किसान डिग्री कॉलेज व इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। इसके बाद उच्चाधिकारी परीक्षा नियंत्रण कक्ष पुलिस लाइंस सभागार बस्ती का निरीक्षण करने पहुंचे। ऑनलाइन सीसीटीवी कैमरों के द्वारा परीक्षा केंद्रों की लगातार निगरानी को जांचा। आईजी ने सभी केंद्रों के फुटेज को बारी-बारी देखने के साथ ही यहां तैनात कर्मियों को पूरी तरह अलर्ट रहते हुए निगरानी करने के निर्देश दिए।
..
रोडवेज पर गंतव्य को जाने के लिए जुटी भीड़
- यूं तो गोंडा और आंबेडकरनगर जिले के काफी अभ्यर्थी अपने निजी साधन से परीक्षा देने पहुंचे थे। मगर देवरिया, महराजगंज,गोरखपुर आदि दूर के जिलों के अभ्यर्थियों ने रोडवेज बस की मुफ्त यात्रा की सुविधा का लाभ उठाया। रोडवेज पर बसों को पकड़ने के लिए काफी संख्या में भीड़ जुटी रही। एआरएम आयुष भटनागर ने बताया कि सौ निगम की और 34 अनुबंधित बसों को परीक्षा ड्यूटी में लगाया गया है। 13 बसों को रिजर्व रखा गया है।
..
काम आया ट्रैफिक मैनेजमेंट का प्लान
- शहर के व्यस्ततम चौराहों पर एक साथ भीड़ पहुंचने पर लंबा जाम लगने का अंदेशा पहले से था। इसे लेकर अधिकारियों ने कई दिनों तक माथापच्ची की। जिसका परिणाम यह रहा कि भीड़ होने के बावजूद किसी भी चौराहे पर जाम की नौबत नहीं आई। कंपनीबाग, गांधीनगर, रोडवेज पर कुछ देर के लिए रफ्तार थमी लेकिन कुछ मिनट में ही फिर से वाहन रेंगने लगे।