कार की चपेट में आने बाइक सवार पुलिसकर्मी घायल
अमर उजाला ब्यूरो
दुबौलिया। थाना क्षेत्र के रामजानकी मार्ग स्थित ललहवा चिलमा के पास कार की चपेट में पुलिसकर्मियों की बाइक आ गई। टक्कर लगने से दोनों बाइक समेत गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी कप्तानगंज के डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना बुधवार को शाम करीब साढ़े चार बजे हुई। एसआई मुनीष चंद्र दुबे व कांस्टेबल अंकुश अपने हल्का क्षेत्र से बाइक से वापस थाने आ रहे थे। रामजानकी मार्ग पर ललहवा चिलमा के निकट पहुंचे थे कि कलवारी से दुबौलिया की तरफ जा रही अज्ञात कार ने पीछे से टक्कर मार दिया। इससे बाइक सवार दोनों पुलिसकर्मी गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिसकर्मी हेलमेट सिर की बजाय बाइक पर रखे हुए थे। इसके चलते बाइक सवारों को ज्यादा चोट लगी। कार चालक मौके से भाग निकला। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी ने एसआई और कांस्टेबल को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।