जिले में 48 घंटे में पहुंचे 58 प्रवासी, सभी होम क्वारंटीन
सुरक्षा समितियां कर रही है निगरानी, जांच के लिए नमूना लिया गया
विदेश से आने वाला कोई भी व्यक्ति अब तक नहीं मिला है पॉजिटिव संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले में बीते 48 घंटे में विदेश से 58 प्रवासी आए हैं। इनमें से छह शहरी क्षेत्र में आए हैं। सभी को होम क्वारंटीन किया गया है। इन पर नजर रखने की जिम्मेदारी गांव की सुरक्षा समितियों को दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एंटीजन जांच के बाद आरटीपीसीआर जांच के लिए सभी का नमूना लिया है। हालांकि अब तक विदेश से आए लोगों में से किसी को कोरोना पॉजिटिव नहीं पाया गया है।
कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर प्रशासन सतर्क है। विदेश से आने वाले नागरिकों को तत्काल होम क्वारंटीन कर उनकी आरटीपीसीआर जांच कराने के लिए नमूना लिया जा रहा है। इसके लिए सीएचसी और पीएचसी स्तर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम गठित की गई है। एमओआईसी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम अपने-अपने क्षेत्र में विदेश से आने वालों से मिलकर नमूना एकत्रित कर होम क्वारंटीन कर रही है। जिले में दो दिन में 58 प्रवासी आए हैं। शहरी क्षेत्र में आने वाले छह लोगों की जांच के लिए अर्बन के नोडल अधिकारी डॉ. एके कुशवाहा की टीम ने होम क्वारंटीन कराया है।
एसीएमओ डॉ. फखरेयार हुसैन ने बताया कि दो दिन में सऊदी और दुबई आदि देशों से आए 58 प्रवासी होम क्वारंटीन हैं। इनका नमूना जांच के लिए विशेष टैग लगाकर मेडिकल कॉलेज को भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद भी इन्हें दस दिन क्वारंटीन रहना होगा। दसवें दिन इनकी फिर से आरटीपीसीआर जांच कराई जाएगी।
तमाम निर्देश फिर भी न मास्क न दो गज दूरी का पालन
प्रशासन ने कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के मद्देनजर तमाम तरह की गाइड लाइन जारी की है, लेकिन लापरवाह लोग इसका पालन नहीं कर रहे हैं। सियासी दल बेधड़क अपने आयोजन कर रहे हैं। सियासी दलों के कार्यक्रमों में लोग शामिल भी हो रहे हैं। ऐसे कार्यक्रमों में न दो गज दूरी का पालन किया जा रहा है न ही कोई मास्क लगा रहा है। ऐसा ही हाल बाजारों ओर अन्य सार्वजनिक जगहों पर भी है। सभी कोरोना गाइड लाइन को दरकिनार कर अपना काम कर रहे हैं। हालांकि कुछ लोग पालन भी कर रहे हैं।