स्कूल वैन से टकराई कार, दो छात्राओं सहित पांच घायल
बस्ती। सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज से शहर के एक विद्यालय में परीक्षा दिलाने के लिए आ रही स्कूल वैन से कोतवाली क्षेत्र में हरदिया चौराहे के निकट एक बेकाबू कार की टक्कर हो गई। हादसे में दो छात्राओं सहित पांच लोग घायल हो गए। इनमें से तीन को गंभीर चोट आई है। एक छात्रा को शहर के श्रीकृष्णा मिशन हास्पिटल में जबकि स्कूल वैन व बाइक चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, मामूली रूप से घायल एक छात्रा व कार चालक को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
वैन में सवार 18 छात्राओं में से बाकी छात्राओं को दूसरे वाहन से परीक्षा केंद्र पर भेजा गया। हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने हास्पिटल में पहुंच कर घायल छात्रा की स्थिति के बारे में जानकारी हासिल की। साथ ही चिकित्सकों को उन्होंने समुचित इलाज के निर्देश भी दिए।
बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे के करीब बस्ती-बांसी मार्ग पर हरदिया चौराहे की तरफ से आ रही एक कार बाइक को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पहले बाइक से भिड़ी। इसके बाद सामने से आ रही स्कूल वैन से टकरा गई। हादसे में स्कूल वैन चालक, उसमें सवार दो छात्राओं के अलावा कार चालक व बाइक सवार भी घायल हो गए। सूचना मिलते ही कोतवाल संजय कुमार, टीएसआई कामेश्वर सिंह आदि पहुंच गए। गंभीर रूप से घायल बाइक चालक सुरेंद्र शर्मा निवासी मईपुर थाना कलवारी, स्कूल वैन चालक बदरे आलम निवासी डुमरियागंज, सिद्धार्थनगर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि घायल छात्राओं को घटना स्थल के निकट श्रीकृष्णा मिशन हास्पिटल ले जाया गया। वहां मामूली रूप से घायल एक छात्रा का प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल काजल चौरसिया निवासी डुमरियागंज सिद्धार्थनगर को भर्ती कर उसका इलाज किया जा रहा है। इस मौके पर सीएमओ डॉ. चंद्रशेखर, एसीएमओ डॉ. फखरेयार हुसैन भी उपस्थित रहे।