चार हजार से अधिक ने लगवाई कोरोनारोधी वैक्सीन
बस्ती। जिले में टीकाकरण अभियान जारी है। शुक्रवार को 211 टीकाकरण बूथों पर अभियान चलाया गया। यहां पहुंचे 4623 लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया गया। बूथों पर टीकाकरण के लिए लोगों की भीड़ बढ़ी है। साऊंघाट में वैक्सीनेशन प्रतिशत बढ़ाने के लिए सभी कर्मियों को लक्ष्य दिया गया है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. फखरेयार हुसैन ने बताया कि जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, ओपेक चिकित्सालय कैली समेत सभी सीएचसी-पीएचसी पर अभियान चलाकर टीकाकरण किया गया। जिले में टीकाकरण का कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। शहर के विभिन्न स्थानों और स्कूलों पर टीका लगाया गया। पहली डोज लगवा चुके लोगों को द्वितीय डोज के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
अभियान में 11 लोगों को प्रीकॉशन डोज दी गई। इसमें 60 वर्ष से ऊपर बुजुर्गों समेत फ्रंट लाइन वर्कर, हेल्थ केयर वर्कर शामिल हैं। इसके अलावा किशोर-किशोरियों के टीकाकरण पर जोर दिया जा रहा है। अभियान में 1,195 किशोर-किशोरियों को भी वैक्सीन लगाई गई। जबकि 12 से 14 वर्ष के 1,748 बच्चों को टीका लगा है। महिला अस्पताल में 40 लोगों को कोविशील्ड, 20 को को-वैक्सीन व 12 से 14 साल वाले 11 बच्चों को वैक्सीन लगाई गई। एएनएम ज्योति गुप्ता, सुनीता त्रिपाठी व पलक श्रीवास्तव ने वैक्सीनेशन किया। जिला अस्पताल में 17 को कोविशील्ड और 12 को को-वैक्सीन की डोज दी गई। 12 से 14 साल वाले तीन बच्चों को वैक्सीन लगाई गई। एएनएम अपूर्वा श्रीवास्तव, सरिता, पवन कुमार, अभिषेक चौधरी, विकास त्रिपाठी ने सहयोग किया। जिले में अब तक 34 लाख 11 हजार 863 डोज वैक्सीन लोगों को लगाई जा चुकी है। इसमें 12 से 14 साल के बच्चों से लेकर 60 वर्ष तक के लोग शामिल हैं।
साऊंघाट में प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रणय स्मृति और एचईओ बृजेंद्र कुमार की अगुवाई में कोरोना टीकाकरण कार्य हुआ। अधीक्षक ने लोगों से अपील किया है कि छूटे लोग बूथ पर पहुंचकर तत्काल वैक्सीन लगवा लें। स्कूलों में भी बच्चों को वैक्सीन लग रही है। नोडल अधिकारी नगरीय क्षेत्र डॉ. एके कुशवाहा, अर्बन हेल्थ कोआर्डिनेटर सचिन ने भ्रमण कर टीकाकरण की स्थिति जांची।
जनपद में एक कोरोना पॉजिटिव मिला
बस्ती। जिले में शुक्रवार को एक नए पॉजिटिव केस की पुष्टि हुई। 643 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट जारी की गई, जिसमें एक पॉजिटिव पाया गया। इस प्रकार जिले में दो एक्टिव केस हैं। एसीएमओ डॉ. फखरेयार हुसैन ने बताया कि यहां कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 13140 है। अब तक 12802 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में कोरोना संक्रमण से 337 की मौत हो चुकी है। सक्रिय केस की संख्या दो है। कोरोना को लेकर अभी सतर्कता बरतनी होगी। अभी भी 832 लोगों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। वहीं, रेलवे स्टेशन पर डॉ. मासूमा के नेतृत्व में एलटी आनंद श्रीवास्तव, हरीश गुप्ता, इसराइल ने नमूने लिए। सीएमओ डॉ. चंद्रशेखर ने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए मास्क का प्रयोग करें। सैंपलिंग की संख्या बढ़ाई गई है। सभी अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि संदिग्धों की कोविड जांच कराई जाए।