सड़क निर्माण से ध्वस्त हो गया पैदल रास्ता
- फोटो : अमर उजाला
बस्ती। जिले की चार सड़कों की मरम्मत का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने राज्य सड़क निर्माण निधि से इन सड़कों की मरम्मत के लिए दो करोड़ 90 लाख और 17 हजार रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक मंजूरी दी है। साथ ही निर्माण कार्य शुरू करने के लिए पीडब्लूडी को दो करोड़ 31 लाख 17 हजार की धनराशि जारी भी कर दी है। धन जारी होने की जानकारी शासन के संयुक्त सचिव श्याम लाल यादव ने पीडब्लूडी के मुख्य अभियंता को दी है। शासन ने आवंटित धन को हर हाल में 31 मार्च तक व्यय करने का निर्देश दिया है।
जिले की खस्ता हाल हो चुकी चार सड़कों की मरम्मत के लिए शासन ने दो करोड़ 90 लाख 17 हजार रुपये की मंजूरी दी है। इन सड़कों की मरम्मत का प्रस्ताव काफी दिनों से शासन में लटका हुआ था। धन मिलने से क्षेत्र के लोगों में खुशी है। बताया कि जिन सड़कों के लिए धन मिला है, वह काफी जर्जर हो चुकी है। सड़कोें में इतने बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं कि इन सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया है।
जिले को 231.17 लाख रुपया जारी करते हुए धन को हर हाल में 31 मार्च तक व्यय करने के निर्देश पीडब्लूडी के अधिकारियों को दिए गएं हैं, उस धन को कागजों में व्यय करने की योजना बन चुकी है। विभाग के एक बड़े अधिकारी ने बताया कि जो धन सात दिन पहले जारी हुआ उसे 31 मार्च तक कैसे व्यय किया जा सकता है। बताया कि कार्यालय बंद होने के कारण यह धन विभाग के खाते में 28 मार्च को आएगा। ऐसे में मात्र तीन दिन में कैसे दो करोड़ 31 लाख 17 हजार रुपये सड़कों की मरम्मत पर व्यय किया जा सकता है।
बताया कि मार्च के अंतिम दिनों में धन जारी कर सरकार खुद गलत काम कराना चाहती है। बताया कि कोई भी अधिकारी धन को सरेंडर नहीं करना चाहता है। धन वापस न जाए, इसके लिए मजबूरी में विभाग को धन को कागजों में व्यय करना पड़ता है, ताकि धन का उपयोग बाद में किया जा सके। बताया कि यह पहली बार नहीं हो रहा है, जब वित्तीय वर्ष के अंत में शासन ने धन जारी किया है। यह पिछले चार साल से हो रहा है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि इससे धन के अपव्यय की आशंका हमेशा बनी रहती है।