गोल्डन कार्ड की धीमी प्रगति पर डीएम ने तीन का रोका वेतन
बस्ती। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत गोल्डन कार्ड बनाने में डी श्रेणी प्राप्त करने पर इस योजना से जुड़े डॉ. स्वाति, डीजीएम अजय मिश्रा, महेंद्र गुप्ता का वेतन अगले आदेश तक रोक दिया। विकास भवन सभागार में बृहस्पतिवार को आयोजित समीक्षा बैठक में यह कार्रवाई करते हुए डीएम सौम्या अग्रवाल ने ई-डिस्ट्रिक मैनेजर को निर्देश दिया है कि गोल्डन कार्ड न बनाने वाले जन सुविधा केंद्र संचालकों का आईडी ब्लॉक करें। बैठक में अनुपस्थित पाए जाने पर अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, सिंचाई, जिला प्रोबेशन अधिकारी का स्पष्टीकरण तलब किया है।
बैठक में सभी 80 हजार अंत्योदय कार्डधारकों का गोल्डन कार्ड बनवाने का निर्देश दिया। इसके प्रभारी एसीएमओ डॉ. सीएल कन्नौजिया को निर्देश दिया कि प्रतिदिन गोल्डन कार्ड बनने की प्रगति से अवगत कराएं। सीएमओ को निर्देश दिया कि डॉक्टरों की उपस्थिति नियमित रूप से जांच कराएं। जिलाधिकारी ने राजकीय निर्माण निगम की ओर से बनकटी तथा हर्रैया में निर्माण कराए जा रहे हैं बीज गोदाम के अधूरे निर्माण पर असंतोष व्यक्त करते हुए पत्रावली के साथ प्रोजेक्ट मैनेजर को तलब किया। जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत निर्माणाधीन कार्यों को 15 जून तक पूरा करने का निर्देश दिया है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की समीक्षा करते हुए डीएम ने पाया कि वर्ष 2020-21 के 1816 लाभार्थियों ने धन की किश्त प्राप्त होने के बाद भी अभी तक आवास नहीं बनाया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि जिन लाभार्थियों के खाते में पैसा शेष है, इसे वापस कराएं। अन्य लाभार्थियों को आरसी जारी करके धन की वसूली कराएं। डीएम ने सामुदायिक शौचालय, निर्माण, छात्रवृत्ति, बाल पुष्टाहार, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, गन्ना मूल्य भुगतान, पौधरोपण, उद्योग, श्रम, खादी ग्रामोद्योग, सहकारिता, बेसिक शिक्षा आदि विभागों की योजनाओं की समीक्षा की।
बैठक में सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति, सीएमओ डॉ. चंद्रशेखर, डीडीओ अजीत श्रीवास्तव, पीडी कमलेश सोनी, डीडी कृषि अनिल कुमार, एसीएमओ डॉ. फखरेयार हुसैन, सत्यवीर सिंह, एसएस सिंह आदि मौजूद रहे।